पूर्व मंत्री सुभाष सुधा की चौखट पर पहुंचे ई-रिक्शा चालक, लगाई गुहार... जानें क्या है पूरा मामला
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 11:16 AM (IST)
कुरुक्षेत्र (रणदीप): धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन से जुड़े दो बड़े पक्षों—ई-रिक्शा और ऑटो चालकों—के बीच का विवाद अब गहराता जा रहा है। आए दिन होने वाले आपसी झगड़ों और मारपीट से परेशान होकर आज दर्जनों ई-रिक्शा चालक अपनी गुहार लेकर हरियाणा के पूर्व मंत्री सुभाष सुधा के आवास पर पहुंचे। चालकों ने पूर्व मंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया और इस मामले में तुरंत प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की।
सुभाष सुधा के आवास पर पहुंचे ई-रिक्शा चालकों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि क्षेत्र में ऑटो चालकों की दादागिरी लगातार बढ़ती जा रही है।चालकों का आरोप है कि जब भी वे किसी सवारी को बिठाते हैं, तो ऑटो चालक बीच रास्ते में उन्हें रोककर बदतमीजी करते हैं और सवारियों को जबरन नीचे उतार देते हैं ई-रिक्शा चालकों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने स्थानीय पुलिस थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने के कारण ऑटो चालकों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
विवाद सुलझाने के लिए 'अलग स्टैंड' की मांग
चालकों ने पूर्व मंत्री के सामने मांग रखी कि इस रोज़-रोज़ के विवाद को हमेशा के लिए खत्म करने का एक ही रास्ता है—ई-रिक्शा चालकों के लिए शहर में अलग से स्टैंड आवंटित किए जाएं।अगर प्रशासन हमारे लिए अलग रूट और स्टैंड तय कर दे, तो हमारा ऑटो चालकों से सामना ही नहीं होगा और सवारियों को लेकर होने वाली लड़ाई-झगड़े पूरी तरह बंद हो जाएंगे।"