अंबाला में सुबह-सुबह हादसा, स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा...मची अफरा-तफरी; एक्टिवा को बचाने में चालक का बिगड़ा संतुलन
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 11:30 AM (IST)
अंबाला : हरियाणा के अंबाला से शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां स्कूल जा रहा बच्चों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो सवार 6 स्कूली बच्चे घायल हो गए। वहीं इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
महिला को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार हादसा अंबाला सैन्य क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस के पास हुआ। हादसे में घायल सभी बच्चे अंबाला कैंट के मिक्की मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हैं। ऑटो चालक बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था, रास्ते में सामने से एक महिला एक्टिवा पर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ऑटो मोड़ दिया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया।
सभी घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों की हालत ठीक है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया।