पानीपत में सुबह-सुबह ही डकैती...निर्माणाधीन फैक्ट्री में 12 बदमाशों ने मजदूरों को बंधक बनाकर की लूटपाट, जांच जारी

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 02:31 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा) : शहर के पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र के गांव सुताना में ऊंटला रोड स्थित एक निर्माणाधीन कारपेट फैक्ट्री में सोमवार तड़के 3 बजे हथियारबंद 12 बदमाशों ने डाका डाला। बंदूक की नोक पर चौकीदार और फैक्ट्री निर्माण में लगे पेंटर, टाइल कटिंग करने वाले 7 लोगों के हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा। फिर, सभी के मोबाइल, 20 हजार रुपए कैश, बिजली के ट्रांसफार्मर को उखाड़कर तांबे की क्वाइल, इनवर्टर के साथ साथ सीसीटीवी कैमरे तोड़कर डीवीआर तक लूटकर ले गए।

सोमवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे चौकीदार ने किसी तरह खुलने के बाद फैक्ट्री मालिक और पुलिस को सूचना दी। बदमाश उत्तर प्रदेश टच की भाषा बोल रहे थे। रात एक बजे से तीन बजे तक लूटपाट की। माडल टाउन के फैक्ट्री मालिक अनुपम गुप्ता ने पुलिस में शिकायत दी।

27 जुलाई की सुबह करीब साढ़े 4 बजे मालिक को सूचना मिली की फैक्ट्री में डकैती हो गई है। वे तुरंत मौके पर पहुंचे। जहां चौकीदार ओम प्रकाश ने बताया कि रात करीब एक बजे फैक्ट्री में बंदूक और लाठी डंडे लिए 10 से 12 बदमाश घुसे। बदमाशों ने सबसे पहले चौकीदार को पीटा और हाथ-पैर बांध दिए। फिर फैक्ट्री में रहने वाले अन्य लोगों के बारे में पूछा। फिर ऊपर वाले कमरे में 7 अन्य लोगों के सोने की बात बताई तो सभी को बंधक बनाकर पीटा।

बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने अंदर घुसते ही ट्रांसफार्मर का ही स्विच काटकर बिजली सप्लाई बंद कर दी। फिर अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया, ताकि कोई पहचान न सके।

फिलहाल थाना पुराना औद्योगिक में फैक्ट्री मालिक के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनके साथ सीआईए की टीमें भी लगी हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static