घर से महज 200 मीटर दूरी पर अज्ञात वाहन ने मारी बाइक को टक्कर, शिक्षा विभाग के कर्मचारी की हुई दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 08:51 PM (IST)

जुलाना( विजेन्दर): जुलाना कस्बे के वार्ड नंबर 7 निवासी 45 वर्षीय शिक्षा विभाग में कार्यरत विनोद खटकड़ की सड़क हादसे में मौत हो गई। विनोद खटकड़ राजकीय स्कुल बुआना गांव में क्लर्क के पद पर कार्यरत था और शुक्रवार को ड्यूटी खत्म होने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था। घर से महज करीब 200 मीटर पहले अटल पार्क के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। 

पुलिस से जानकारी के अनुसार विनोद ड्यूटी से लौटकर जुलाना स्थित अपने घर की ओर आ रहा था। जैसे ही वह अटल पार्क के पास पहुंचा, इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विनोद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना परिजनों को दी और घायल विनोद को उपचार के लिए जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चिकित्सकों ने विनोद की जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। 

हादसे की सूचना मिलते ही जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है। विनोद की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।  


चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अटल पार्क के पास एक सड़क हादसा हुआ है, सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंची जहां पर पता चला कि एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने बाइक चालक को टक्कर मारी है, जिसमें मृतक की पहचान विनोद खटकड़ वार्ड नंबर 7 जुलाना वासी के तौर पर हुई है, विनोद खटकड़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलाना में लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया, पुलिस ने अज्ञात स्कार्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है पुलिस द्वारा आसपास की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि गाड़ी व चालक का पता किया जा सके।


 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static