हरियाणा: 1983 खाली पदों के लिए नौ जुलाई को होगा उपचुनाव, देखें पूरा शेड्यूल
punjabkesari.in Thursday, Jun 15, 2023 - 12:43 PM (IST)

पंचकूला(उमंग): हरियाणा में शहरी निकाय चुनाव से पहले प्रदेश सरकार पंचायतों के खाली पदों पर उपचुनाव कराने जा रही है। 1983 पदों पर नौ जुलाई को राज्य में उपचुनाव होंगे। हरियाणा राज्य चुनाव आयोग की ओर से पंचायतों की खाली सीटों पर होने वाले उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
इसके तुरंत बाद राज्य में शहरी निकायों में नगर निगम के चुनाव हो सकते हैं। हरियाणा राज्य चुनाव आयोग की ओर से घोषित शेड्यूल के अनुसार उपचुनाव की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से आरंभ हो जाएगी। 15 जून को चुनाव के नोटिस के बाद 21 से 26 जून तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। 27 जून को स्क्रूटनी होगी और 28 जून को नाम वापस लिए जा सकेंगे।
नौ जुलाई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक उपचुनाव होंगे। राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने बताया कि पंचों के 1958 खाली पदों पर उपचुनाव होगा। सरपंच के 18 पदों पर उपचुनाव होना है। पंचायत समिति के पांच सदस्यों के पद पर चुनाव होगा, जो कि चरखी दादरी, कैथल, रेवाड़ी, हिसार और यमुनानगर में हैं।