गुड़गांव-फरीदाबाद में जल्द स्थापित होंगी इलेक्ट्रिक वाहनों की इंडस्ट्रीज- मूलचंद शर्मा

punjabkesari.in Tuesday, Jun 28, 2022 - 07:34 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): इलेक्ट्रिक व्हीकल  को आज की जरूरत बताते हुए प्रदेश के खनन एवं परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने जल्द ही प्रदेश में इलेक्ट्रिकल इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की बात कही है। शर्मा ने कहा कि प्रदेश में टू व्हीलर- थ्री व्हीलर और फोर व्हीलर के लिए एनसीआर क्षेत्र गुड़गांव और फरीदाबाद में जल्द बड़ी इंडस्ट्रीज स्थापित की जाएगी। जिसके लिए कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है और प्रदेश के रोडवेज बेड़े में 5300 बसों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद लोगों का आवागमन बसों में पूरी तरह शुरू हुआ है। जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए जल्द रोडवेज विभाग कई फैसले करने जा रहा है।

देश में सत्याग्रह की जरूरत के वक्त कांग्रेस मौन रूप धारण किए हुए थी- शर्मा 

कांग्रेस को अपने अतीत में झांकने की सलाह देते हुए मूलचंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के मित्र अपने समय में हुए कार्यों पर नजर डालें तो कुछ कहने लायक नहीं रहेंगे। किस प्रकार से कार्य शैली कांग्रेस द्वारा अपनाई गई, यह देश प्रदेश की जनता जानती है और अग्निपथ योजना पर सत्याग्रह की बात कहने वाली कांग्रेस को जब सत्याग्रह करना चाहिए था, जब देश को सत्याग्रह की जरूरत थी, तब कांग्रेस मौन रूप धारण किए हुए थे। 

कुलदीप बिश्नोई द्वारा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार को दरकिनार करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने के बाद उनके भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं। एक और जहां कांग्रेस पार्टी द्वारा उनकी अनदेखी का दौर जारी है और कांग्रेसी नेता इसे गद्दारी करार दे रहे हैं। वहीं भाजपा सदस्य बनने पर भाजपा के लोग उनके स्वागत की बात कह रहे हैं। इस महत्वपूर्ण विषय को लेकर प्रदेश के खनन एवं परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने टिप्पणी करते हुए कहा कि जिस पार्टी ने उनके पिता के साथ धोखा किया, जिसने उनके पिता से सत्ता छीनी, ऐसे दल में बिश्नोई को जाना ही नहीं चाहिए था। यह कांग्रेस देश और प्रदेश में मात्र एक परिवार की पार्टी बनकर रह चुकी है। शर्मा ने आम आदमी पार्टी को झूठ की पार्टी बताते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री को घोषणा मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि केवल फ्री की बात करने वाली आप को हरियाणा के लोग कतई पसंद नहीं करते। केवल एक डेढ़ साल में पंजाब की जनता भी इन से ऊब जाएगी।

अग्निपथ योजना को मूलचंद शर्मा ने बताया नए युग की शुरुआत

अग्निपथ योजना को नए युग की शुरुआत बताते हुए मूलचंद शर्मा ने कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि काम चाहे कितना भी देश हित का किया जा रहा हो, लेकिन कांग्रेस पार्टी का काम विरोध करना रहता है। 17 साल की उम्र में बच्चे को नशाखोरी या अन्य किसी गलत दिशा पकड़ने से बचाते हुए केंद्र सरकार देश सेवा के लिए उन्हें अग्निवीर बनाएगी और 5 साल के बाद अच्छे सम्मान के साथ उन्हें प्रदेश सरकार में दूसरी नौकरियों में प्राथमिकता देगी। इससे अच्छी पहल कभी ना हुई थी और ना ही कभी होगी। फौज में काम करके लौटा बच्चा देश के लिए बेहद सकारात्मक भाव रखेगा। अच्छा काम करेगा और देश प्रदेश में आगे बढ़ेगा। लेकिन कांग्रेस देश विरोधी सुर अपनाते हुए विरोध कर रही है। इसी कार्यशैली के कारण 2024 में प्रदेश से जातिवाद और क्षेत्रवाद की सोच खत्म हो जाएगी।

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static