दिल्ली से नाबालिग को अगवा कर गुड़गांव में रेप के बाद हत्या, जंगल से बरामद हुआ शव
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 06:26 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): साउथ दिल्ली के महरौली इलाके से अगवा की गई एक नाबालिग का शव गुरुग्राम में जंगल में मिला है। शुरुआती जांच में दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने एक टैक्सी ड्राइवर को हिरासत में लिया है। फिलहाल, दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस इस सनसनीखेज वारदात के हर पहलू की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि जिस वक्त टैक्सी ड्राइवर ने वारदात को अंजाम दिया उस वक्त वह नशे में धुत था और उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
हिरासत में लिए गए टैक्सी ड्राइवर बबलू (25) से दिल्ली पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके मोबाइल फोन, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके। शुरुआती जांच में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और यौन उत्पीडऩ जैसे पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट होगी।
वहीं, गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि जहां पर बच्ची की डेडबॉडी मिली है, वह जगह सुशांत लोक थाना क्षेत्र में आती है। दिल्ली पुलिस की टीम आई थी और आरोपी की निशानदेही पर डेडबॉडी बरामद करके ले गई है। किडनैपिंग और मर्डर दिल्ली में ही हुआ है, तो फिलहाल मामले की पूरी जांच दिल्ली पुलिस द्वारा की जा रही है। गुरुग्राम पुलिस द्वारा जांच में सहयोग किया जा रहा है।
दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर सुबह करीब पांच बजे बच्ची को तब अगवा किया, जब वह अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी। तत्काल सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस ने आरोपी की कैब की पहचान कर उसे काबू कर लिया है।