UK से भारत लौटा इंजीनियर होटल में मिला मृत, जानें पूरा मामला
punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 02:02 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-53 स्थित एक होटल में 35 वर्षीय इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।इंजीनियर UK की MNC में कार्यरत था और पिछले दिनों भारत आया था। इंजीनियर का शव होटल के कमरे में बाथटब के पानी में अचेत अवस्था में मिला। होटल कर्मचारियों ने बाथ टब में जब इंजीनियर को मृत अवस्था में पाया तो इसकी सूचना होटल प्रबंधन व पुलिस को दी गई। होटल प्रबंधन ने मौके पर डॉक्टर को भी बुलाया जिन्होंने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान मूल रूप से आगरा की इदगाह कॉलोनी के रहने वाले प्रांजल पाठक के रूप में हुई है और वर्तमान में वह यूनाइटेड किंगडम की एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह यूके के मैनचेस्टर में रहते थे और हाल ही में भारत आए थे। प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया कि प्रांजल पाठक भारत आने के बाद उत्तराखंड के ऋषिकेश घूमने गए थे। रविवार रात को उन्होंने एक दिन के लिए होटल का कमरा बुक किया था। सोमवार सुबह 11 बजे उन्हें चेकआउट करना था, लेकिन शाम करीब साढ़े पांच बजे तक न तो चेकआउट किया गया और न ही कमरे में कोई हलचल मिली। इस पर होटल स्टाफ ने कमरे में जाकर देखा तो प्रांजल पाठक बाथरूम के बाथटब में अचेत अवस्था में पड़े मिले।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऋषिकेश से लौटने के बाद वह दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने अपने एक दोस्त को फ्लाइट में बैठाकर विदा किया। इसके बाद उन्होंने गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित ओरसम होटल में रात रुकने के लिए कमरा बुक किया था। उन्हें होटल के कमरा नंबर 302 में ठहराया गया था। होटल स्टाफ से सूचना मिलने के बाद प्रबंधन हरकत में आया और इसकी सूचना सेक्टर-53 थाना पुलिस को देने के साथ ही डॉक्टर को भी मौके पर बुलाया। डॉक्टर ने जांच के उपरांत प्रांजल को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। प्रारंभिक तौर की जांच के दौरान सामने आया कि प्रांजल के कमरे में जाने के बाद से कोई भी उसके कमरे में नहीं गया है। जब उसका शव मिला तो कमरा अंदर से लॉक था। पुलिस का कहना है कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा।