सोहना में अरावली पहाड़ियों में मिला सड़ी-गली हालत में युवक का शव, पहचान नहीं
punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2026 - 07:34 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सोहना में टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स के पास अरावली पहाड़ियों में सोमवार सुबह सड़ी-गली हालत में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब है कि मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मौके पर सीन ऑफ क्राइम, एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह पहाड़ियों के पास से गुजर रहे राहगीरों ने शव देखकर सूचना दी थी। मौके पर पहुंची सिटी थाना सोहना पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक ने डबल लोअर पहन रखा था और उसके पास एक कंबल भी मिला है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों की जांच कर रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है, ताकि युवक की पहचान और घटनास्थल तक पहुंचने के बारे में सुराग मिल सके।
सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र के अनुसार, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक के घूमने की जानकारी दी है। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ और गुमशुदगी के मामलों की छानबीन की जा रही है।