बाढ़ से नुकसान का आंकलन कार्य जारी, जिला उपायुक्त को दी गई मुआवजा जारी करने की शक्ति : डिप्टी सीएम

punjabkesari.in Thursday, Jul 20, 2023 - 07:32 PM (IST)

सोनीपत: हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने घोषणा करते हुए कहा है कि सोनीपत को प्रदेश का ऐसा पहला जिला बनाएंगे, जिसमें जमीन की रजिस्ट्री होने के दस दिन के भीतर ही इंतकाल जैसे कागजात बनकर सीधे संबंधित व्यक्ति के घर पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस दिशा में तीव्रता से कार्य किया जा रहा है। डिप्टी सीएम वीरवार को सोनीपत के खरखौदा हलके का दौरा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आधा दर्जन से अधिक गांवों में जनसभाओं को संबोधित किया। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए जानकारी दी कि राज्य सरकार ने उपायुक्तों को यह शक्ति दे दी है कि वे बाढ़ की स्थिति में घरों के लिए मुआवजा दे सकते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि फसल नुकसान का भी आंकलन करवाया जा रहा है।

देवीलाल के सपनों को किया जा रहा पूरा: दुष्यंत चौटाला

PunjabKesari

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि वे जननायक देवीलाल के सपनों को पूरा करने के लिए अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाओं को पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं।  जिसमें सफलता भी प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े तीन वर्षों में कोरोना काल रहा हो या किसान आंदोलन, वे लोग किसी भी जनसेवा के लक्ष्य से नहीं भटके। उन्होंने कहा कि पहले मंडियों में किसान अपनी फसल बेचने के लिए कई-कई दिन तक रुके रहते थे। साथ ही उन्हें महीनों तक बेची गई फसलों का भुगतान भी नहीं मिलता था, लेकिन अब तुरंत फसल की खरीद होती है और 72 घंटों के भीतर किसानों के खातों में सीधा भुगतान भी हो जाता है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अब किसान फसल खराबे की रिपोर्ट स्वयं ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दर्ज करवा सकते हैं। 

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राशन कार्ड बनवाने के लिए अब दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते बल्कि 1 लाख 80 हजार रुपये वार्षिक आय वाले व्यक्ति सीएससी से अपना कार्ड ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि तालाबों की सफाई के लिए सैंकड़ों करोड़ रुपये बजट का आवंटन किया गया है। प्रदेश के 1400 तालाबों को ठीक किया जा चुका है। शेष तालाबों को भी आगामी वर्ष तक दुरुस्त करवाएंगे।  

                   (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Related News

static