Bhiwani: नगरपरिषद अधिकारियों से मिलीभगत कर फर्जी यूनिट आईडी बनाई, EO व क्लर्क समेत 4 पर मामला दर्ज
punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 02:09 PM (IST)
भिवानी: नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ साठगांठ कर जमीन हड़पने की नीयत से एक फर्जी नई यूनिट (प्लॉटिंग) दर्ज कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने जमीन के असली मालिक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नगर परिषद के तत्कालीन कार्यकारी अधिकारी (EO), क्लर्क और दो अन्य आरोपियों सहित कुल 4 लोगों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
बाड़ी मोहल्ला के पतराम गेट निवासी आनंद कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि हालु बाजार (भिवानी) में स्थित यूनिट नंबर I-321, I-322 और I-323 में कुल 68 वर्ग गज जमीन और एक दुकान बनी हुई है। नगर परिषद के रिकॉर्ड में पहले इस जायदाद का मालिकाना हक सोनम, शारदा देवी (17 वर्ग गज) और शेष हिस्सा इमरती देवी व संजीव कुमार के नाम दर्ज था। शिकायतकर्ता आनंद कुमार और उनकी पत्नी ने इमरती देवी व संजीव कुमार के हिस्से की जायदाद को कानूनी रूप से खरीद लिया था।
शिकायत के अनुसार, आरोपी वासु कुमार और राघवेंद्र मोडा ने इस संपत्ति को हड़पने की नीयत से नगर परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों से सांठगांठ की। उन्होंने मुख्य यूनिट नंबरों में हेरफेर कर अपने नाम से एक नई फर्जी यूनिट आईडी I-321-322/323/A दर्ज करवा ली। आनंद कुमार का आरोप है कि इसी फर्जी कागजात और नई यूनिट आईडी के दम पर आरोपी वासु कुमार मोडा और राघवेंद्र मोडा उनकी खरीदी हुई दुकान और जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़ित की शिकायत और शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने नगर परिषद के ईओ, क्लर्क, आरोपी वासु कुमार और राघवेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और साजिश रचने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर करने वाले कर्मचारियों और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।