फरीदाबाद ; पति की हत्या मामले में पत्नी और आशिक गिरफ्तार, 5 दिन बाद खेत में दबा मिला था शव...पुलिस की जांच जारी
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 05:36 PM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी) : तिगांव थाना क्षेत्र के गांव मोजाबाद में सोमवार को खेत से 32 वर्षीय व्यक्ति का शव दबा मिलने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान श्यामवीर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला था। वह मोजाबाद में खेत पट्टे पर लेकर खेती करता था और अपनी पत्नी के साथ खेतों के पास ही रहता था।
श्यामवीर पिछले करीब पांच दिनों से लापता था। इसी दौरान सोमवार को खेत में कुत्तों ने जमीन में दबे शव का कुछ हिस्सा बाहर निकाल दिया। लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया।
पत्नी और उसके आशिक ने मिलकर की हत्या
मामले में पुलिस ने श्यामवीर की पत्नी और उसके आशिक को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच के एसीपी अमन यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने मिलकर श्यामवीर की हत्या की थी। हत्या के बाद शव को खेत में गड्ढा खोदकर जमीन में दबा दिया गया था।
पुलिस अब हत्या के पीछे के कारण, वारदात की पूरी परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
5 दिन तक श्यामवीर के लापता रहने के बावजूद पुलिस को इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई, इस पहलू की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हत्या की वजह और वारदात से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट होगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)