किसानों के आंदोलन के 100 दिन पूरे, सरकार की हठधर्मिता जारी : राजन राव

punjabkesari.in Sunday, Mar 07, 2021 - 02:19 PM (IST)

गुरुग्राम (गौरव) : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्षा, कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने कहा भले ही आज देश के अन्नदाता ने किसान आंदोलन के 100 दिन पूरे होने को काला दिवस के रूप में मनाया है, लेकिन जब से भाजपा सत्तासीन हुई है, देश के लिए हर दिन काला दिवस है। भाजपा को देशहित और देश की 135 करोड़ जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है। भाजपा देश को नई नई मुसीबतों में झोंक रही है। सही मायने में देश के प्रति भाजपा की संवेदनाएं मर चुकी हैं। यही कारण है कि भाजपा किसी भी मुद्दे की सुलझाने का प्रयास नहीं कर रही। इस समय देश में पेट्रोल, डीजल और गैस के दामों ने जनता की जेब में आग लगा रखी है। देश महंगाई के गर्त में डूबने को आमदा है।

किसान आंदोलन से देश त्राहि माम कर रहा है। सैकड़ों किसान अपने हक की लड़ाई में शहादत दे चुके हैं। लेकिन केंद्र की मोदी सरकार देश की इन समस्याओं को सुलझाने का कोई प्रयास नहीं कर रही। इतना ही नहीं  पेट्रोल, डीजल और गैस के दामों के साथ साथ किसान आंदोलन जैसे देश के अनेक संवेदनशील मुद्दों पर भाजपा नेताओं ने मर्यादा की सारी सीमाएं तोड़ कर रख दी है। आए दिन भाजपा नेताओं की ओर से संवेदनहीनता से भरे बयान देखने और सुनने को मिल रहे हैं। पहले कृषि मंत्री, फिर प्रधानमन्त्री और अब हरियाणा के कृषि मंत्री का आंदोलनरत किसानों की शहादत पर दिया गया बयान पूरी तरह भाजपा की असंवेदनशीलता को दर्शाते हैं।

प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने आंदोलनरत किसानों की शहादत का मजाक उड़ाया है। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व ही संवेदनशील मुद्दों पर गंभीर नहीं है। देश की अर्थव्यवस्था की बात हो, जेडीपी की बात, रोजगार की बात हो या फिर चीन के साथ सीमा विवाद, पुलवामा में सैनिकों पर हमले की बात हो, हर मसले का भाजपा ने मखौल बना कर रख दिया है। गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान तिरंगे का अपमान भी भाजपा की सोची समझी साजिश का ही परिणाम है। संसद में किसानों को प्रधानमन्त्री भगवान कहते हैं, आंदोलन को पवित्र बताते हैं और लगे हाथ ही आंदोलनकारी किसानों को आंदोलन जीवी कहकर संबोधित करते हैं। क्या एक प्रधानमन्त्री की ऐसी भाषा होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसानों का अपमान भाजपा को भारी पड़ेगा। अन्नदाता के साथ छलकर भाजपा अपने आपको बचा नहीं सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा को ढाई महीने से भूखे प्यासे सड़कों पर बैठे किसानों से अधिक चिंता  पश्चिम बंगाल के चुनाव की है। आए दिन भाजपा का कोई ना कोई नेता बंगाल के किसानों के बारे में बयान देता है और पूरी भाजपा वहीं डेरा डाले है। भाजपा को या सोचना चाहिए की बंगाल का किसान देश के किसान से अलग नहीं है। देश के किसानों के साथ इतना बड़ा धोखा करने के बाद किसान भाजपा की कथनी और करनी समझ चुका है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ पूरा देश खड़ा है। बेहतर है कि भाजपा तीनों कानूनों को रद्द कर किसानों एमएसपी का कानून दे। ताकि किसानों के जीवन में सही मायने में खुशहाली लाई जा सके।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static