Miraculous Recovery: 23 महीने वेंटिलेटर, 100% ऑक्सीजन और डॉक्टरों का चमत्कार! रोहतक पीजीआई ने 8 साल के दक्ष को दिया नया जीवन
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 10:25 AM (IST)
रोहतक: सोनीपत के गढ़ी सिसाना निवासी आठ वर्षीय दक्ष को पीजीआई ने नया जीवन दिया है। वह पांच अक्तूबर 2024 को बेहोशी की हालत में तेज बुखार के साथ भर्ती हुआ था। दक्ष को 23 महीने तक 100 फीसदी ऑक्सीजन और वेंटिलेटर का सहारा दिया गया।
सोमवार को बच्चे को ठीक कर घर भेज दिया गया है। दक्ष के पिता सोमबीर बदहिया दिल्ली में टैक्सी ड्राइवर हैं और र परिवार के अकेले कमाने वाले हैं। बच्चे की बीमारी के कारण उन्हें अपनी नौकरी छोड़कर दो साल तक पीजीआईएमएस में ही रहना पड़ा।
दक्ष की मां उषा भी पिछले दो साल से बेटे के सिरहाने बैठी रहीं। परिवार ने इस कठिन समय में बहुत संघर्ष किया। दक्ष 6 साल की उम्र में भर्ती हुआ था और अपने हाथ-पांव नहीं हिला पा रहा था। उसे पीआईसीयू में रखा गया था। लंबे उपचार के बाद अब दक्ष अपने शरीर को हिला-डुला पा रहा है।
पंडित बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति एचके अग्रवाल ने चिकित्सकों और कर्मचारी दल का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कुंदन मित्तल और पीआईसीयू दल को बधाई दी। पिता सोमबीर दहिया, डॉक्टरों और नर्सिंग कर्मचारी ने केक काटकर बच्चे का नया जन्मदिन मनाया। पीआईसीयू प्रभारी कुंदन मित्तल ने बताया कि यह करीब दो साल की कठिन मेहनत का परिणाम है। बच्चे को चिकित्सा उपचार के साथ फिजियोथैरेपी और पोषक आहार का सहारा भी दिया।