विभिन्न महत्वाकांक्षी और लाभान्वित योजनाओं से किसानों को पहुंच रहा है लाभ : जेपी दलाल

punjabkesari.in Thursday, May 19, 2022 - 04:00 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने दावा किया कि हरियाणा सरकार देश में सबसे अधिक किसान हितेषी सरकार है। लगातार किसानों के लिए अधिक महत्वाकांक्षी योजनाएं हरियाणा में शुरू की गई है। देश में सबसे अधिक गन्ने का भाव 362 रुपए प्रति क्विंटल, सबसे अधिक मंडियां और एमएसपी पर सबसे अधिक फसलें हरियाणा में खरीदी जाती हैं। किसान को डायरेक्ट खातों में पेमेंट दी जाती है और किसान की फसल 72 घंटे से अधिक देरी पर ब्याज सहित पेमेंट करना केवल हरियाणा सरकार की सोच है और विभिन्न माध्यमों से हरियाणा सरकार किसान को आर्थिक रूप से संपन्न करने के लिए सब्सिडी भी देती है। हरियाणा में किसानों के लिए दूरदर्शी सोच रखते हुए पानी को बचाना एक बड़ा कार्य है।

हरियाणा सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए ''मेरा पानी- मेरी विरासत" योजना शुरू की धान के अलावा दूसरी खेती करने वाले किसानों को 7000 रुपए प्रति एकड़ का योगदान और पौध की बजाए बीज से बिजाई करने वाले किसानों को 4000 रुपए प्रति एकड़ का योगदान हरियाणा में दिया जा रहा है। जबकि पड़ोसी राज्य पंजाब में किसानों के भारी आंदोलन के बाद सरकार ने सीधी बिजाई पर मात्र 1500 प्रति एकड़ की शुरुआत की है। मूंग की फसल मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बढ़ाने में कारगर है। इसलिए हरियाणा सरकार किसानों की सोच रखते हुए मूंग की खेती करने पर 4000 रुपए प्रति एकड़ "मेरी फसल- मेरा ब्योरा" पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने वाले किसान को देती है। इसके साथ-साथ पोली हाउस, नेट हाउस इत्यादि में भी हरियाणा सरकार पूरी सपोर्ट करती है। 

दलाल ने कहा कि कांग्रेस भले ही कितनेे बड़े-बड़े दावे करती हो, लेकिन धरातल पर भाजपा ने जितना काम किसानों के लिए कर दिया है कांग्रेस ने 70 साल में भी नहीं किया। ना केवल कृषि बल्कि बागवानी, पशुपालन, नस्ल सुधार, बच्चियों की टैगिंग और समय-समय पर अच्छे से अच्छे सीमन का अरेंजमेंट हरियाणा सरकार करती है। प्रदेश सरकार ने एक कॉल सेंटर बनाने का एक फैसला किया है, जिसमेंं पूरे प्रदेश में 200 एंबुलेंस जिनमें डॉक्टर और दवाइयां इत्यादि मौजूद रहेंगी और किसान के फोन करने पर पशुओं के इलाज के लिए एंबुलेंस घर ही पहुंचेगी। गंभीर रूप से बीमार पशु को अस्पताल एंबुलेंस ही लाएगी। 70 एंबुलेंस के लिए सरकार ने  टेंडर भी कर दिया है।

दलाल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दूसरे दल मात्र राजनीति करते हैं, लेकिन भाजपा हमेशा सेवा की सोच के साथ आगे बढ़ रही है। हमारे कार्यकर्ता लगातार फील्ड में जनता के बीच में है। भाजपा के निस्वार्थ सेवा भाव के कारण ही लोगों के दिलों में भाजपा बस चुकी है और जन हितैषी नीतियों के कारण बार-बार जनता भाजपा पर भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा कि आज बेशक नए प्रदेश अध्यक्ष बनाकर कांग्रेस पार्टी सुनहरे सपने ले रही हो, लेकिन आज सबसे बड़ी चुनौती उनकी अंदरूनी फुट की है। चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाने के बावजूद कांग्रेस में आपसी मनमुटाव जग जाहिर होता जा रहा है। कुलदीप बिश्नोई जैसे नेता की अनदेखी की गई और अब उन्हें कोई ना कोई पद देना होगा। कांग्रेस को संगठित करना एक बड़ा चैलेंज है। कांग्रेस की भाई- भतीजावाद की नीति के कारण मध्य प्रदेश के सिंधिया और अब गुजरात के हार्दिक पटेल कांग्रेस को छोड़ चुके हैं। कांग्रेसी सिमटती जा रही है और लगभग धरातल से खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य में आम आदमी पार्टी बड़े-बड़े वायदों के साथ सत्ता पर काबिज हुई। लेकिन आज वही किसान जिन्हें दिल्ली में यह लोग भड़काते थे, आज उन्हें वही किसान पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ धरने प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली में भड़काने वाले लोग आज किसानों के हित में नहीं सोच रहे। 1 साल के बाद पंजाब का मतदाता स्वयं मानेगा कि उन्होंने वोट देने के वक्त गलत फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी को कोई सीरियस नहीं लेता। 10-20 हजार लोगों में से 10-15 लोग जो आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं, वह केवल और केवल राजनीति करने के लिए जगह ढूंढते हुए इसमें पहुंचे हैं। कोई भी नई पार्टी बने कुछ ना कुछ इस प्रकार के लोग अवश्य जाते हैं। दलाल ने कहा कि प्रदेश की 2 राज्यसभा सीटों के लिए आने वाले चुनावों में भाजपा का एक-एक विधायक केंद्रीय नेतृत्व के आदेश के अनुसार फैसला करेगा।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static