बीजेपी सरकार में किसान दुखी विशेष कर छोटे किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रही सरकार: चंद्रमोहन

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 07:02 PM (IST)

चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी ):  पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पंचकूला के मौजूदा कांग्रेस विधायक चंद्र मोहन ने पंचकूला विधानसभा क्षेत्र के बरवाला क्षेत्र का तूफानी दौरा किया। इस दौरान चंद्रमोहन बरवाला की किसान मंडी का जायजा लेने पहुंचे और वहां पर उन्होंने किसानों की समस्याएं भी सुनी और मंडी प्रशासन अधिकारियों से भी बात की। इस अवसर पर विधायक चंद्र मोहन के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व अध्यक्ष विजय बंसल एडवोकेट, विजेंद्र कामी, मिंकू पंडित, अरुण मादरा, विक्रम राणा, बलबीर सिंह, गुरजीत सिंह, कमल राणा, नरेश, गुरुप्यारा डोड आदि अन्य लोग भी मौजूद थे।

 

  इस दौरान छोटे और गरीब किसानों ने अपनी समस्याए बताते हुए कहा कि मंडी में ट्रैक्टर से अपनी फसल लेकर आने वाले किसानो की तो एंट्री आसानी से करवा दी जाती है लेकिन गरीब किसान जो अपनी बैलगाड़ी या झोटा बुग्गी में फसल लेकर आते हैं तो उन्हें मंडी में प्रवेश नहीं करने दिया जाता और बायोमेट्रिक प्रणाली भी असफल साबित हो रही है। यह गरीब और छोटे किसानों के साथ भेदभाव है जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है वह अपनी फसल को लेकर कहां जाएं उनके लिए यह समस्या बहुत बड़ी चुनौती साबित होती है। किसानों ने बताया कि मंडी प्रशासन ने झोटा बुग्गी और बैलगाड़ियों को अंदर आने से रोक दिया, जिससे दूर-दराज के गांवों से आए किसानों को घंटों बाहर इंतजार करना पड़ा और वे अपनी उपज समय पर बेच नहीं पा रहे हैं।किसानों ने इसे भेदभावपूर्ण रवैया बताते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

 

  किसानों के समस्याएं सुनने के बाद विधायक चंद्र मोहन ने बीजेपी सरकार पर विशेष कर छोटे गरीब किसानो की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीब किसानों का क्या कसूर है कि उनके पास ट्रैक्टर या अन्य कोई गाड़ी नहीं है छोटे किसानों से सरकार भेदभाव क्यों कर रही है। चंद्रमोहन ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों के उचित दाम न मिलने, बायोमेट्रिक प्रणाली से  भुगतान में देरी, खाद-बीज की कमी और मंडी में बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसी समस्याए भी है यह सभी समस्याएं हुए सरकार के समक्ष रखेंगे और इस समस्या को विधानसभा में भी उठाकर किसानों को उनका अधिकार दिलाएंगे।

 

 विधायक चंद्रमोहन ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार किसानों के मुद्दों को गंभीरता से नहीं ले रही है और बीजेपी सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित होकर रह गई है। विधायक ने कहा कि किसानों को समय पर उनकी मेहनत का सही मूल्य नहीं मिल रहा और छोटे किसानों को मंडी में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा जिससे वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार से किसानो की फसलों की खरीद प्रणाली को सरल बनाने की भी मांग की।

 

  चंद्रमोहन ने यह भी कहा कि मंडियों में व्यवस्थाएं पूरी तरह से चरमराई हुई हैं न तो पर्याप्त छाया की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा, फसल खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है।

 

विधायक चंद्रमोहन  ने सरकार से मांग की है कि किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए और मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो वे कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर किसानों के समर्थन में आंदोलन करने को मजबूर हो जायेंगे।

 

  कांग्रेस नेता एवं मार्केट कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय बंसल एडवोकेट ने कहा कि पंचकूला विधायक चंद्रमोहन के इस दौरे के बाद किसानों में उम्मीद जगी है कि उनकी आवाज अब सरकार तक पहुंचेगी और उनकी समस्याओं का समाधान होगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर बैक डोर से तीन काले कृषि कानूनो को लागू करने का भी आरोप लगाया।

 

  इसके अलावा विधायक चंद्रमोहन बरवाला ब्लॉक के गांव खटोली में एक ही परिवार के दो बालकों अरुण और दीक्षित की सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु पर उनके घर जाकर परिजनों से संवेदना व्यक्त की। विधायक नगर निगम पंचकूला के मेयर कुलभूषण के चाचा की मृत्यु पर भी उनके निवास पहुंचकर शोक व्यक्त किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static