टोल प्लाजा के पास 70 गांवों के किसानों ने हाई-वे जाम किया, अतिरिक्क्त फोर्स को किया तैयार

punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2020 - 08:55 AM (IST)

डबवाली (संदीप कुमार ) : नए खेती कानूनों के विरोध में आज डबवाली के खुइयांमलकाना टोल प्लाजा के पास करीब 70 गांवों से आए किसानों ने हाई-वे जाम कर दिया। हाई-वे जाम की वजह से डबवाली-सिरसा रोड पूरी तरहां से दिन भर सुनसान रहा। पुलिस ने डबवाली से सिरसा की तरफ जाने वाले वाहनों को डबवाली से कालांवाली की तरफ डायवर्ट कर दिया। किसानों द्वारा खुइयांमलकाना टोल प्लाजा के पास दिन भर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन व नारेबाजी होती रही।

PunjabKesari
किसानों द्वारा हाई-वे जाम किए जाने की वजह से डबवाली टोल प्लाजा से वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकी। इसकेचलते टोल वसूलने वाली कंपनी को भी आर्थिक नुक्सान झेलना पड़ा। वहीं, पुलिस ने एहतियातन टोल प्लाजा की सुरक्षा को लेकर टोल के पास सख्त बेरिकेडिंग कर दी। ताकि भारी संख्या में जुटी किसानों की भीड़ टोल प्लाजा के बूथों तक न पहुंच सके। इसके अलावा पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले दागने वाले वाहनों को भी टोल प्लाजा पर तैनात कर रखा है।

यहां बता दें कि डबवाली टोल प्लाजा पर पहले से ही किसानों ने पक्का मोर्चा लगाया हुआ है। किसानों ने कुछ दिन पहले डबवाली का टोल प्लाजा पर्ची फ्री करना था। लेकिन ऐन मौके पर एन.एच.ए.आई. ने डबवाली कोर्ट में याचिका दायर कर टोल की सुरक्षा की गुहार लगाई। जिसके बाद किसानों को टोल से 500 मीटर दूर रोकने के डबवाली कोर्ट ने आदेश जारी कर दिए। साथ ही पुलिस और जिला प्रशासन को टोल की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए। अभी यह मामले की सुनाई डबवाली कोर्ट में चल रही है। कोर्ट  ने कुछ दिन पहले कई किसान नेताओं को नोटिस जारी कर कोर्ट में पेश होने के आदेश भी दिए हुए हैं।
PunjabKesari
नारेबाजी करते हुए धरना स्थल पहुंचे किसान
यहां बता दें कि बीते करीब सप्ताह भर से डबवाली क्षेत्र के किसान 5 नवम्बर को खुइयांमलकाना टोल प्लाजा के पास हाई-वे जाम किए जाने की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसको लेकर गांव-गांव जाकर किसानों को न्यौता दिया जा रहा था। गुरूवार सुबह से ही डबवाली क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ही किसान टोल प्लाजा के पास  जुटना शुरू हो गए थे। किसान अपने हाथों में झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए हाई-वे पर लगाए गए धरने पर पहुंच रहे थे। इस दौरान किसान भाजपा सरकार मुर्दाबाद, मोदी सरकार मुर्दाबाद, दुष्यंत चौटाला मुर्दाबाद, खेती काले कानून वापिस लो जैसे नारे लगा रहे थे।

कानून हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटेगी पुलिस
डबवाली के डी.एस.पी. कुलदीप बेनीवाला ने कहा कि किसानों द्वारा 5 नवम्बर को रोड जाम का ऐलान किया गया था। जिसके बाद पुलिस ने अपनी तैयारियां पुरी कर ली थी। पुलिस की कई कंपनियां एहतियातन तैनात की गई है। साथ ही आम आदमी को समस्या न हो इसे लेकर ट्रेफिक को डायवर्ट किया गया है। डी.एस.पी. कुलदीप बेनीवाल ने कहा कि शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन करना किसानोंं का संवैधानिक अधिकार है। अगर कोई कानून हाथ में लेता है तो उससे सख्ती से कानून निपटेगा। इसके अलावा डबवाली कोर्ट का आदेश आया हुआ है कि टोल प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसको देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था टोल पर सख्त की हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static