पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के आवास पर पहुंचने का किसानों का प्रयास, पुलिस ने रोका

punjabkesari.in Tuesday, Jul 13, 2021 - 05:07 PM (IST)

रोहतक(दीपक): हिसार में भाजपा नेताओं के विरोध के दौरान किसानों ने आरोप लगाया है कि पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर ने आंदोलनकारी महिला किसानों की ओर अश्लील इशारे किए और उस समय हांसी से विधायक विनोद भयाना भी उसी कार में सवार थे। विनोद भयाना ने तो किसानों से माफी मांग ली है। अब वह मनीष ग्रोवर से माफी मंगवाने के लिए रोहतक पहुंचे और उनके आवास के घेराव का प्रयास किया। पुलिस ने मामले को देखते हुए पहले से ही बैरिकेटिंग कर रखी थी जिसे किसानों ने तोड़ने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने किसानों को आगे नही बढ़ने दिया।


बता दें कि हिसार में गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम था, जिसमें पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर और हांसी से भाजपा विधायक विनोद भयाना एक गाड़ी में सवार होकर गए थे।  किसानों ने भाजपा नेताओं का विरोध करने के लिए काले झंडे दिखाए। उस विरोध प्रदर्शन के पश्चात किसानों ने आरोप लगाया कि विनोद भयाना तथा एक अन्य नेता ने आंदोलनकारी महिला किसानों की ओर अश्लील इशारे किए हैं। उसके बाद किसानों की एक पंचायत हुई जिसमें विनोद भयाना ने पहुंचकर माफी मांगी। विनोद भयाना ने कहा कि उन्होंने ऐसा नहीं किया उनके साथ पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर थे। इसके बाद किसानों ने फैसला ले लिया कि मनीष ग्रोवर के आवास का घेराव कर उसे उसकी गलती का एहसास कराएंगे और मनीष ग्रोवर को किसानों के बीच आकर माफी मांगनी होगी, जिसके चलते रोहतक की डीएलएफ कॉलोनी स्थित मनीष ग्रोवर के आवास को घेरने के लिए आज किसान रोहतक पहुंचे। 

पहले से ही तय कार्यक्रम के अनुसार पुलिस ने भी पूर्व मंत्री के आवास पर किसानों को रोकने के लिए बैरिकेट्स लगा रखे थे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। किसान भी अपनी जिद पर अड़े हुए थे और उन्होंने मनीष ग्रोवर के आवास पर जाने के लिए बैरिकेड तोड़ने का भी प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने किसानों को आगे नहीं बढ़ने दिया। किसानों का कहना है कि मनीष ग्रोवर कहीं भी छुप जाए उसने महिलाओं का अपमान किया है और उसे माफी मांगनी ही होगी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static