फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने आई पुलिस, तो हो गया बड़ा कांड...जेल की जगह पहुंचा अस्पताल

punjabkesari.in Thursday, Jun 26, 2025 - 05:12 PM (IST)

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में एक आरोपी को पकड़ने आई उत्तरप्रदेश की पुलिस को देखकर युवक छत से कूद गया। आरोपी के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई है। आरोपी दहेज उत्पीड़न मामले में फरार चल रहा था। घटना जिले के गांव चंदावली की है। जानकारी के अनुसार आरोपियों में कुलदीप यादव, भाई प्रदीप यादव, मां राधा तथा उनके रिश्तेदार विनोद कुमार और मंजू शामिल हैं।


सभी के विरुद्ध अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय आगरा द्वारा गिरफ्तारी वारंट के साथ-साथ 82 व 83 की कुर्की की कार्रवाई के आदेश भी जारी किए गए थे। सभी साल 2011 के एक पुराने दहेज उत्पीड़न मामले में फरार चल रहे हैं।
 
यूपी पुलिस ने गांव चंदावली पहुंचकर आरोपियों की उपस्थिति की पुष्टि की और फिर थाना सदर बल्लभगढ़ में आकर अपनी आधिकारिक आमद दर्ज करवाई। इसके बाद जब पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची, तो कुलदीप यादव पुलिस को देखकर अपने मकान की छत से भागने के प्रयास में नीचे कूद गया। गिरने से उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं, हालांकि हड्डियां नहीं टूटी, लेकिन पैर पूरी तरह से सूज गए। इस बीच यह भी सामने आया कि दूसरा आरोपी प्रदीप यादव अब इस दुनिया में नहीं है और उसका निधन हो चुका है।

 
कुलदीप यादव को जब यूपी पुलिस हिरासत में लेकर ले जाने लगी, तो गांव के स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने पुलिस पर 5 हजार रिश्वत मांगने का आरोप भी लगाया और पुलिस की गाड़ी को घेर लिया। इससे पुलिस को आरोपी को तत्काल लेकर जाना संभव नहीं हो पाया। बाद में तकरीबन रात 8:00 बजे कुलदीप यादव ग्राम समाज के कुछ लोगों के साथ थाना सदर बल्लभगढ़ पहुंचा और यूपी पुलिस को लिखित आश्वासन दिया कि वह 26 जून को न्यायालय आगरा में स्वयं पेश होगा। इसके बाद यूपी पुलिस ने फिलहाल कार्रवाई को स्थगित कर दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static