IDFC Bank Scam: हरियाणा बिजली निगम के वित्त निदेशक अमित दिवान बर्खास्त, अधिकारियों के साथ मिलकर किया गबन

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 09:10 AM (IST)

डेस्क: हरियाणा के बिजली निगमों में करोड़ों रुपये के 'आईडीएफसी बैंक घोटाले' ने प्रशासनिक हलकों में भूचाल ला दिया है। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने अपने मुख्य वित्तीय अधिकारी और हरियाणा पावर जनरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPGCL) के वित्त निदेशक अमित दिवान को बर्खास्त करने का आदेश जारी किया है। दिवान पर आरोप है कि उन्होंने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी खजाने को निजी हाथों में सौंपने का काम किया। इस घोटाले की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं, विभाग के कई अन्य बड़े अधिकारियों की नींद उड़ गई है।
 

मामले की जड़ें साल 2024 की शुरुआत से जुड़ी हैं। दस्तावेजों की पड़ताल से पता चला है कि 27 फरवरी 2024 को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में 'HPGCL Dry Fly Ash Fund' के नाम से एक खाता खोला गया था। गौर करने वाली बात यह है कि उस वक्त यह बैंक सरकार की सूचीबद्ध (एम्पैनल्ड) बैंकों की सूची में शामिल नहीं था। इसके बावजूद, अमित दिवान ने नियमों को दरकिनार करते हुए 50 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि इस खाते में जमा करा दी। जांच टीम को इस खाते से हुए कई लेन-देन पूरी तरह फर्जी मिले हैं, जिनका कोई सरकारी रिकॉर्ड मौजूद नहीं है।

 

विभागीय जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि इस घोटाले का जाल सिर्फ एक बैंक तक सीमित नहीं था। अमित दिवान पर एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में भी इसी तरह के फर्जी खाते खुलवाने का आरोप है। इन खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये सरकारी सिस्टम से बाहर निकालकर निजी संस्थाओं और शेल कंपनियों (कागजी कंपनियों) के खातों में ट्रांसफर किए गए। जांच एजेंसी का मानना है कि यह सीधे तौर पर सरकारी धन की लॉन्ड्रिंग का मामला है, जिसमें बैंक के कुछ कर्मचारी भी पर्दे के पीछे से सक्रिय थे।

 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static