एक अफवाह ने उजाड़ दीं खुशियां... घर में शादी से पहले ही सबकुछ हुआ खाक, महिला-मासूम हुए बेहोश
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 01:10 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत शहर के विकासनगर क्षेत्र में भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है, जहां घर के भीतर खड़ी मोटरसाइकिल में हुए रिसाव ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में न केवल लाखों का सामान जलकर राख हो गया, बल्कि परिवार के दो सदस्य धुएं के कारण अचेत हो गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला गया।
हुआ हादसा?
पीड़ित जयपाल ने बताया कि क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत चल रही है। इसी के चलते उन्होंने अपने बेटे को बाइक की पेट्रोल टंकी फुल करवाने भेजा था। बेटा पेट्रोल डलवाकर घर लौटा और बाइक को घर के अंदर साइड स्टैंड पर खड़ा कर दिया। चूंकि बाइक का इंजन और साइलेंसर काफी गर्म था, इसी दौरान पेट्रोल टंकी से तेल का रिसाव हो गया। पेट्रोल सीधे गर्म इंजन पर गिरने लगा, जिससे कुछ ही क्षणों में बाइक ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर में फैल गई।

कमरे में सो रहे थे मासूम और महिला
आगजनी के दौरान घर के एक कमरे में जयपाल की पुत्रवधू और पोता सो रहे थे। आग और धुएं के कारण परिवार ने उन्हें काफी आवाजें दीं, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थानीय निवासियों की मदद से किसी तरह कमरे में घुसकर दोनों को अचेत (बेहोश) अवस्था में बाहर निकाला गया। काफी देर बाद उन्हें होश आया, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली।
शादी की खुशियों पर फिरा पानी
घर की महिला सदस्य ने बताया कि परिवार में भतीजे और भतीजी की शादी की तैयारियाँ चल रही थीं। परिजनों ने शादी के लिए भारी खरीदारी की थी, लेकिन इस आग ने सारा अरमान जलाकर खाक कर दिया। वहीं स्थानीय निवासियों और पड़ोसियों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हो चुका था।

नुकसान का विवरण
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण: घर के सभी कीमती बिजली के उपकरण जलकर राख।
शादी का सामान: शॉपिंग कर लाया गया कीमती सामान और कपड़े नष्ट।
नकद राशि: घर में रखे ₹15,000 कैश जलकर राख बन गए।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)