पानीपत में सनसनीखेज घटना, पति की प्रताड़ना नहीं हुई सहन...प्रेम विवाह के 7 साल बाद महिला ने उठा लिया खौफनाक कदम
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 01:12 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत की देशराज कॉलोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में तेजाब पीने से 28 वर्षीय विवाहित महिला नेहा की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल भिजवा दिया।
परिजनों के अनुसार, नेहा ने करीब सात वर्ष पहले कॉलोनी के ही एक युवक से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद, मारपीट और झगड़े होते रहते थे। परिजनों का यह भी कहना है कि पति शराब का आदी था, जिसके चलते घरेलू कलह लगातार बढ़ती गई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की गई थी और दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास भी हुए थे, लेकिन स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं आया।
मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने महिला की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।