दमकल विभाग की हड़ताल का 28वां दिन, प्रदर्शनकारियों ने इतने दिन तक बढ़ाई अनिश्चितकालीन हड़ताल
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 12:07 PM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : हरियाणा में दमकल विभाग के कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल आज 28वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को अब 10 मई तक और बढ़ाने का ऐलान किया है, जिससे सरकार और प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है।
हरियाणा दमकल विभाग यूनियन के महासचिव गुलशन भारद्वाज ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कच्चे कर्मचारियों के 10 साल पूरे होने के बावजूद उन्हें नियमित करने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में कोर्ट के आदेशों को भी नजरअंदाज किया जा रहा है, जो कर्मचारियों के साथ अन्याय है। इसके साथ ही उन्होंने यह मुद्दा भी उठाया कि पे-रोल पर काम कर रहे दमकल कर्मचारियों के वेतन में अब तक एक बार भी बढ़ोतरी नहीं की गई है। लगातार जोखिम भरी परिस्थितियों में काम करने के बावजूद कर्मचारियों को उनका हक नहीं मिल रहा, जिससे उनमें भारी रोष है। प्रदर्शनकारियों ने कालका में हुई आगजनी की घटना का भी जिक्र किया, जिसमें जान गंवाने वाले दमकल कर्मचारियों को शहीद का दर्जा देने और उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की गई है।
मांगे पूरी न होने पर जारी रहेगा आंदोलन
वहीं कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब देखना होगा कि सरकार इस पर क्या रुख अपनाती है और क्या इन कर्मचारियों की मांगों पर जल्द कोई निर्णय लिया जाता है या नहीं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)