दिलबाग सिंह की फैक्ट्री के बाहर फायरिंग का मामला, आरोपी को मुठभेड़ स्थल पर लेकर पहुंची पुलिस...30 मार्च को चलाई थी गोलियां
punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 08:30 AM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : रादौर के जठलाना गांव स्थित पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की फैक्ट्री के बाहर फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपी हर्ष को बुधवार को रादौर पुलिस गांव कांजनू के पास मुठभेड़ स्थल पर लेकर पहुंची। यहां पुलिस ने आरोपी से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में थाना प्रभारी राजेश राणा ने बताया कि आरोपी हर्ष ने 30 मार्च 2026 को फैक्ट्री के बाहर कई राउंड फायरिंग की थी। पूछताछ में सामने आया कि उसने यह वारदात रादौर निवासी अपराधी कार्तिक पंडित के कहने पर अंजाम दी थी। पुलिस के अनुसार, पहली वारदात के बाद आरोपी को दोबारा एक बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए कहा गया था। इसी दौरान 10 अप्रैल 2026 को गांव कांजनू के पास सीआईए टीम के साथ उसकी मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी थी। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। थाना प्रभारी ने युवाओं से अपील की कि वे अपराधियों के बहकावे में आकर अपना भविष्य खराब न करें।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)