पहले फेसबुक पर दोस्ती...बातचीत फिर मुनाफे का लालच देकर लगाया चूना; निवेश के नाम पर लाखों ठगने वाला गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 04:43 PM (IST)
हांसी (संदीप सैनी) : निवेश के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना हांसी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक देवदिगा निवासी रायगढ़, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 10 हजार रुपये बरामद किए हैं।
सहायक उप निरीक्षक रामबिलास ने बताया कि हांसी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना हांसी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार, मई 2025 में उसकी फेसबुक के माध्यम से एक व्यक्ति से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच WhatsApp पर बातचीत शुरू हो गई।
आरोपियों ने शिकायतकर्ता को USDT और शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसके बाद एक ऑनलाइन ट्रेडिंग अकाउंट बनवाकर उससे अलग-अलग बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर करवाए गए।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसने जून से अगस्त 2025 के बीच कुल 18 लाख 50 हजार रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसे निवेश और मुनाफे के नाम पर हुई धोखाधड़ी का पता चला तो उसने मामले की शिकायत NCRP पोर्टल पर भी दर्ज करवाई।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना हांसी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी अशोक देवदिगा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 10 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों तथा बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)