Flood in Haryana: हरियाणा के 8 जिलों में स्कूल बंद, मारकंडा और घग्घर नदी भी ओवरफ्लो...कई गांव में घुसा पानी
punjabkesari.in Wednesday, Sep 03, 2025 - 10:22 AM (IST)

डेस्क: पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश के कारण हरियाणा में नदी-नाले उफान पर है। यमुना, मारकंडा और घग्घर नदी खतरे के निशान से उपर बह रही है। कई गांवों में पानी घुस चुका है। जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आगामी आदेशों तक स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी है।
प्रदेश के 8 जिलों में स्कूल बंद है। इनमें झज्जर, पंचकूला, अंबाला, भिवानी के अलावा हिसार के हांसी ब्लॉक के 30 स्कूल, यमुनानगर के छछरौली ब्लॉक, कुरुक्षेत्र के पिहोवा व शाहाबाद ब्लॉक और फतेहाबाद के टोहाना, जाखल व भूना ब्लॉक के सभी स्कूल शामिल है।
वहीं आज सुबह से ही पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, पानीपत, करनाल, सोनीपत और कुरुक्षेत्र में रूक-रूक कर तेज बारिश हो रही है। इसके अलावा मौसम विभाग चंडीगढ़ ने 4 जिलों- महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में आॅरेंज अलर्ट जारी किया है।
बाकी जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना है। वहीं यमुना से सटे हरियाणा के 6 जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इनमें यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल शामिल है। यहां पर हजारों एकड़ फसल पानी में डूब चुकी है। कई गांवों में पानी घुस चुका है।
कुरुक्षेत्र के शाहाबाद की अमर विहार कॉलोनी में एक मकान की छत ढह गई। हादसे में 2 सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। वहीं टोहाना के समैन गांव में मंगलवार देर रात बारिश के कारण मकान की छत गिर गई। हादसे में रणधीर सोनी (49) घायल हो गए। उनको रात को ही टोहाना के सामान्य अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है।
प्रदेश में अब तक सामान्य से 39 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। 2 सितंबर तक औसतन 357.3 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन प्रदेश में 498.4 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है। इस सीजन सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 992.2 एमएम और महेंद्रगढ़ में 769.1 एमएम दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम बारिश सिरसा में 227.4 और भिवानी में 328.7 एमएम हुई है।