हरियाणा में कांग्रेस संगठन को मजबूत व सक्रिय बनाने की कवायद!

punjabkesari.in Sunday, Mar 21, 2021 - 12:51 PM (IST)

संजय अरोड़ा: हरियाणा में पिछले करीब डेढ़ वर्ष से कांग्रेस पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष के तौर पर कमान संभाल रहीं कुमारी शैलजा ने जहां इन डेढ़ वर्षों में पार्टी को मजबूती से खड़ा करने के साथ साथ गुटबाजी को दूर करने का भरसक प्रयास किया है तो वहीं उनके नेतृत्व में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन पिछले चुनाव की तुलना में काफी बेहतर भी साबित हुआ है।

इस अवधि में कुमारी शैलजा ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार करने व विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए फील्ड में अपनी सक्रियता दिखाने के साथ साथ अब वे पार्टी संगठन को मजबूत व सक्रिय बनाने के लिए संगठन को पुनर्गठित करने पर फोकस कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले कई समय से कांग्रेस संगठन को लेकर यह सवाल खड़े किए जा रहे हैं कि पार्टी अभी तक न तो जिला स्तर पर अध्यक्ष नियुक्त कर पाई है और न ही प्रांतीय इकाई का पुनर्गठन हुआ है। शायद यही वजह है कि अब कुमारी शैलजा ने संगठन के पुनर्गठन की कवायद शुरू कर दी है।

PunjabKesari, haryana

गौरतलब है कि संगठन में बदलाव को लेकर पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा ने नए फार्मूले पर काम करते हुए प्रदेश के सभी जिलों में पर्यवेक्षकों व सह पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है और इन पर्यवेक्षकों व सह पर्यवेक्षकों के फीड बैक के आधार पर ही जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे और साथ ही प्रदेश पदाधिकारियों की भी नियुक्ति होगी। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पहले कांग्रेस में यह परम्परा रही है कि जिलाध्यक्षों की नियुक्ति पार्टी के बड़े नेताओं व प्रदेशाध्यक्ष की पसंद से ही होती रही है। मगर इस बार यह पहला मौका होगा जब पर्यवेक्षकों व सह पर्यवेक्षकों से फील्ड रिपोर्ट लेने के बाद ही इन पदों पर नियुक्तियां होंगी। 

ये पर्यवेक्षक संबंधित जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं से मुखातिब होने के बाद संगठन के वफादार, सक्रिय और जनाधार वाले तीन-तीन नेताओं के पैनल बनाकर प्रदेशाध्यक्ष को सौंपेंगे और इन्हीं में से जिलाध्यक्ष के नाम तय होंगे। इसके अलावा प्रदेश पदाधिकारियों की नियुक्तियां भी शीघ्र ही हो जाएंगी। कांग्रेस सूत्रों की मानें तो प्रदेश संगठन के पुनर्गठन का कार्य आगामी अप्रैल माह में होने की पूरी संभावना है।



फीडबैक लेने आज से फील्ड में उतरेंगे पर्यवेक्षक
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा द्वारा नियुक्त किए गए जिला पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक 21 मार्च रविवार से अपने अपने जिलों में जाने का सिलसिला शुरू करेंगे और वे 27 मार्च तक जिलों में रह कर वहां के कार्यकर्ताओं से लेकर नेताओं से मिलकर प्रत्येक जिला में कांग्रेस की स्थिति, कार्यकर्ताओं की भावनाओं व संभावित जिलाध्यक्ष का 'कद’ मापेंगे और कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत बनाने को लेकर भी फीडबैक लेंगे। प्रत्येक जिला से जिलाध्यक्ष के लिए 3 नामों का पैनल बनाकर प्रदेशाध्यक्ष को 31 मार्च तक भेज दिया जाएगा और उसके बाद प्रदेश स्तर पर जिलों के पैनल में शामिल नेताओं व पर्यवेक्षकों के फीडबैक के आधार पर जिलाध्यक्षों के नामों का अप्रैल माह में ऐलान करने के साथ साथ प्रदेश पदाधिकारियों की सूची भी जारी कर दी जाएगी।

रुठों को मनाने के भी प्रयास होंगे तेज
कांग्रेस की ओर से नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक जहां संबंधित जिलों में जाकर पार्टी के जिलाध्यक्षों का पैनल बनाएंगे वहीं पार्टी हाईकमान द्वारा उन्हें एक विशेष जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार ये पर्यवेक्षक अपने अपने जिलों में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं इत्यादि से मिलने के बाद उन लोगों की भी सूची बनाएंगे जो पिछले विधानसभा चुनावों में किन्हीं कारणों के चलते कांग्रेस छोड़कर दूसरे दलों में शामिल हो गए अथवा रुठ कर घर बैठ गए, इन लोगों को भी पुन: पार्टी से जोडऩे के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि जो नेता व कार्यकर्ता पिछले लोकसभा व विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस छोड़ कर दूसरे दलों में शामिल हो गए थे, वे अब स्वयं को हताश व निराश महसूस कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें वापस अपने पुराने घर कांग्रेस में लाने के प्रयास किए जाएंगे।



संघर्ष के साथ संगठन को मजबूत करेगी कांग्रेस: शैलजा
कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि हरियाणा में परिस्थितियां काफी बदली हुई हैं और भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियों के कारण भाजपा का ग्राफ लगातार नीचे जा रहा है और कांग्रेस पार्टी विपक्ष की सकारात्मक भूमिका निभाते हुए जनहित के मुद्दों को उठाने के साथ साथ लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी और अधिक मजबूती से जनता की आवाज बनकर सरकार के खिलाफ संघर्ष करे, इसके लिए कांग्रेस पार्टी संगठन को मजबूत बनाने पर खास ध्यान दे रही है। इसी कड़ी में पार्टी की ओर से जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां की जाएंगी और प्रदेश स्तर पर संगठन का विस्तार होगा। इस दिशा में संगठन द्वारा प्रक्रिया शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर हरियाणा में अगली बार कांग्रेस की सरकार होगी।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static