फरीदाबाद में राजनीति को बड़ा झटका, पूर्व विधायक आनंद कौशिक का निधन, गांधी परिवार से रहे करीबी संबंध
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 07:47 PM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद की राजनीति के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक आनंद कौशिक का बुधवार दोपहर निधन हो गया। 75 वर्ष की आयु में उन्होंने सेक्टर-9 स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को सेक्टर-9 श्मशान घाट में किया जाएगा।
2009 से 2014 तक रहे विधायक
आनंद कौशिक वर्ष 2009 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की टिकट पर फरीदाबाद विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने थे। उन्होंने 2014 तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और संगठन तथा विधानसभा दोनों स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई।
गांधी परिवार से रहे करीबी संबंध
आनंद कौशिक का गांधी परिवार से लंबे समय तक जुड़ाव रहा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री संजय गांधी और राजीव गांधी के साथ संगठनात्मक कार्यों में योगदान दिया। वर्ष 1997 में उन्हें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया गया था। इसके अलावा वे युवा कांग्रेस में राष्ट्रीय महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे।
लंबे समय से थे अस्वस्थ
करीब एक वर्ष से वे गंभीर रूप से अस्वस्थ चल रहे थे और सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए हुए थे। दोपहर करीब दो बजे उन्होंने अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके पुत्र बलजीत कौशिक वर्तमान में फरीदाबाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हैं। राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई हस्तियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)