निकाय चुनाव की गिनती देरी से होने पर उठाए पूर्व सांसद ने सवाल, कहा: हजम होने वाली बात नहीं
punjabkesari.in Tuesday, Mar 04, 2025 - 08:58 PM (IST)

जींद (अमनदीप पिलानिया) : पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने उचाना पहुंचने पर भाजपा को जमकर घेरा। भाजपा की नॉनस्टाप योजनाओं पर सवाल उठाये हैं। वहीं निकाय चुनाव की वोटिंग के बाद गिनती में देरी पर भी सवालिया निशान उठाते हुए कहा कि इस तरह का आज तक नहीं हुआ, जब गिनती 10 दिन के बाद हो रही है। पूर्व सांसद ने भाजपा को जुमलों की चैंपियन भी करार दिया है।
भाजपा सरकार की नॉनस्टॉप योजना पर सवाल उठाते हुए पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि ये जुमले होते हैं। जुमलों में भाजपा बहुत माहिर और चैंपियन है। उन्होनें कहा कि पार्टी 10 साल से सरकार में है, वो ये कहते हैं कि हम अगले 100 दिन में ये कर देंगे। जब लगातार सरकार में हो तो आने वाले 100 दिन में क्या कर दोगे। जो पिछले 100 दिन में नहीं कर पाए। नई पार्टी की सरकार बनी होती तो कह सकते हैं कि हम अगले 100 दिन, पांच महीने में ये काम करेंगें।
पर्दे के पीछे कुछ हुआ है- बृजेंद्र सिंह
उन्होनें कहा कि भाजपा की किस्मत थी या पर्दे के पीछे कुछ और किसी और तरीके से सरकार बनी है। हरियाणा में लोगों का जो रूझान था वो स्पष्ट था कि भाजपा को सत्ता से बाहर करना चाहते थे। कुछ कारण या परिस्थितियां बनी प्रदेश में कुछ पर्दे के पीछे हुआ है। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि इसके बारे में नहीं बोलूंगा नहीं तो विवादित हो जाएगा।
देरी से नतीजे हजम होने वाली बात नहीं- बृजेंद्र सिंह
निकाय चुनाव की गिनती देरी से होने पर सवाल उठाते हुए पूर्व सांसद ने कहा ऐसा कभी नहीं हुआ कि वोटिंग के इतने दिन बाद गिनती हुई हो। ये उस चीज को पुख्ता करती है कि हर चुनाव के बाद कुछ न कुछ गड़बड़ करने का प्रयास रहता है। 10 दिनों तक निकाय के चुनाव की गिनती न हो ऐसा तो कुछ होता नहीं था। ये बात हजम होने वाली नहीं है।
जल्द होना चाहिए नेता प्रतिपक्ष- बृजेंद्र सिंह
वहीं विपक्ष के नेता पर बृजेंद्र सिंह ने कहा कि इस पर फैसला जल्द होना चाहिए था। उम्मीद है कि अब जल्द विपक्ष के नेता तो चुन लिया जाएगा क्योंकि अब बजट सेशन भी नजदीक आ चुका है। विपक्ष का नेता अगर हो तो विधानसभा सत्र में अपनी रख सकते हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)