अब सलाखों के पीछे होगा हरियाणा का ''रंगदारी किंग'', पुर्तगाल से भारत लाया गया गैंगस्टर अभय राणा
punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 12:40 PM (IST)
नई दिल्ली/करनाल: हरियाणा के गैंगस्टर अभय राणा को पुर्तगाल से प्रत्यर्पित कराकर भारत लाया गया है। राणा के खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस जारी था और हरियाणा पुलिस को रंगदारी, आपराधिक धमकी और हत्या के प्रयास के मामलों में तलाश थी । अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश और गृह मंत्रालय की मदद से करनाल के तरावड़ी निवासी अभय राणा के प्रत्यर्पण को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
राणा को शनिवार को हरियाणा पुलिस की एक टीम की ओर से देश वापस लाया गया था। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने कहा कि अभय उर्फ अभय राणा हरियाणा में दर्ज कई आपराधिक मामलों में वांछित था। इनमें जबरन वसूली, आपराधिक धमकी, संगठित अपराध सिंडिकेट चलाना, हत्या का प्रयास और जान से मारने की धमकी देना जैसे अपराध शामिल थे। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ सालों में इंटरपोल चैनलों के जरिये समन्वय स्थापित कर 160 से अधिक वांछित अपराधियों को सफलतापूर्वक भारत वापस लाया गया है।
करनाल में राणा के खिलाफ दर्ज संबंधित मामले में यह आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये स्थानीय व्यापारियों को फिरौती की रकम देने के लिए धमकाया। इसके बाद जिन लोगों ने उसकी मांग नहीं मानी, उन पर सिंडिकेट के सदस्यों की ओर से हमला किया। जांच पूरी होने के बाद संबंधित मामले में सक्षम न्यायालय के समक्ष आरोपी के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने बताया कि भारत में इंटरपोल से जुड़े सभी मामलों के लिए नोडल संस्था सीबीआई ने राणा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था। पुर्तगाली अधिकारियों ने जब अभय को गिरफ्तार किया तो उनके समक्ष उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया। इसके बाद पुर्तगाली अधिकारियों ने प्रत्यर्पण को अनुमति दे दी।