सिरसा में खतरे के निशान से ऊपर बह रही घग्गर नदी, 3500 क्यूसेक पहुंचा पानी, प्रशासन हुआ अलर्ट
punjabkesari.in Monday, Jul 10, 2023 - 04:10 PM (IST)

सिरसा(सतनाम): जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बरसात से घग्गर नदी में जलस्तर लगातार बढ़ता रहा है। फिलहाल इसी नदी में 3500 क्यूसेक पानी है। वहीं 48 घंटे के अंदर जलस्तर बढ़ने की संभावना लगाई जा रही है। जिसे लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। स्थिति पर नियंत्रण के लिए प्रशासन लगातार प्रयास में जुटा है। बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। साथ ही संबंधित विभाग को अलर्ट कर दिया गया है।
पंचकूला और अंबाला में 55 से 60 हजार क्यूसेक भरा पानी
बता दें कि हिमाचल से निकलने वाली घग्गर नदी पंचकूला, अंबाला, सरदूलगढ़ होते हुए सिरसा में प्रवेश करती है। आज सुबह पंचकूला व अंबाला में 55 से 60 हजार क्यूसेक पानी के साथ घग्घर नदी खतरे के निशान को छू चुकी है। साथ ही सिरसा में भी पानी बढ़ने की आशंका लगाई जा रही है। जिसे निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह से अलर्ट है। वहीं इरिगेशन विभाग को मिट्टी के डेढ़ लाख कट्टे, मोटरें, बोट चिन्हित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
खतरे को देखते को हुए प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने बताया कि घग्गर में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। गुहलाचीका से कल दोपहर तक सिरसा में पानी बढ़ने की उम्मीद है। उद्गम स्थल पंचकूला के आसपास घग्घर नदी खतरे के निशान पर बह रही है। बाढ़ के संभावित खतरे हुए देखते हुए सभी सम्बंधित विभागों की आज बैठक ली गई है। जिसमें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं और अधिकारियों से फीडबैक भी लिया गया है। स्थिति जांचने के लिए वे खुद भी घग्गर नदी का मुआयना करने जा रहे हैं। घग्घर किनारे गांवों में मुनादी भी करवाई जा रही है और किसानों व आम लोगों से अपील की जा रही है कि वे किनारों से दूर रहें। आज बढ़ते जलस्तर की स्थिति को देखते हुए विभागीय तौर पर एडवायजरी भी जारी कर दी जाएगी और कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया जाएगा। फिलहाल तटबंधों की निगरानी की जा रही है। प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने में सक्षम है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)