हरियाणा के क्लर्कों के लिए खुशखबरी; सैनी सरकार ने 3 अतिरिक्त इंक्रीमेंट देने का किया ऐलान...जानें किसे कितना लाभ मिलेगा

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 06:08 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा सरकार ने क्लर्क संवर्ग के कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए वेतन संबंधी प्रावधानों में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। वित्त विभाग ने पात्र क्लर्कों को अतिरिक्त वार्षिक इंक्रीमेंट देने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस निर्णय से न केवल कर्मचारियों के मासिक वेतन में बढ़ोतरी होगी, बल्कि एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (एसीपी), भविष्य की वेतनवृद्धि, पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

सरकार के इस फैसले को लिपिकीय संवर्ग के लिए लंबे समय से चली आ रही वेतन विसंगतियों को दूर करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

PunjabKesari

किसे मिलेगा कितना लाभ

वित्त विभाग के आदेशों के अनुसार वर्ष 2020 से पहले नियुक्त सभी पात्र वरिष्ठ क्लर्कों को तीन अतिरिक्त वार्षिक इंक्रीमेंट दिए जाएंगे। वहीं वर्ष 2020 बैच के क्लर्कों को दो अतिरिक्त इंक्रीमेंट का लाभ मिलेगा।
 

इन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा

अतिरिक्त इंक्रीमेंट का लाभ उन्हीं कर्मचारियों को मिलेगा जिन्होंने निर्धारित परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पूरी कर ली है तथा SETC (State Eligibility Test in Computer Appreciation and Applications) परीक्षा के दोनों भाग उत्तीर्ण किए हैं। यह शर्त हरियाणा सिविल सेवा (वेतन) नियमों के अनुरूप लागू रहेगी।

दोबारा तय होगा वेतन
सरकार ने स्पष्ट किया है कि पात्र कर्मचारियों का वेतन हरियाणा सिविल सेवा (वेतन) नियम, 2016 के तहत दोबारा निर्धारित किया जाएगा। वेतन पुनर्निर्धारण कर्मचारी के वर्तमान पे-लेवल अथवा उसे प्राप्त एसीपी लेवल के आधार पर किया जाएगा।

एसीपी पर नहीं होगा कोई नुकसान
वित्त विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहले 27 वर्ष की नियमित सेवा पूरी होने पर मिलने वाले अतिरिक्त वित्तीय लाभ को नई व्यवस्था के साथ समायोजित किया जाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान किसी भी कर्मचारी के वेतन में कटौती नहीं होगी और किसी प्रकार का आर्थिक नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

दीर्घकालिक आर्थिक लाभ
इस निर्णय का प्रभाव केवल तत्काल वेतन वृद्धि तक सीमित नहीं रहेगा। अतिरिक्त इंक्रीमेंट मिलने से—बेसिक वेतन बढ़ेगा, जिससे महंगाई भत्ता (डीए) और मकान किराया भत्ता (एचआरए) भी बढ़ जाएगा।भविष्य में मिलने वाले वार्षिक इंक्रीमेंट अधिक राशि के होंगे। सेवानिवृत्ति के समय अंतिम वेतन बढ़ने से पेंशन, ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट का लाभ भी अधिक मिलेगा।

लंबे संघर्ष का मिला परिणाम
कर्मचारी संगठनों और क्लर्क एसोसिएशनों द्वारा लंबे समय से अतिरिक्त इंक्रीमेंट और वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग उठाई जा रही थी। सरकार के इस फैसले को कर्मचारियों के संघर्ष की बड़ी सफलता माना जा रहा है। कर्मचारी संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए राज्य सरकार और वित्त विभाग का आभार व्यक्त किया है।

वेतन विसंगतियां होंगी दूर
विशेषज्ञों का मानना है कि अतिरिक्त इंक्रीमेंट के इस फैसले से क्लर्क संवर्ग में वर्षों से चली आ रही वेतन संबंधी विसंगतियां काफी हद तक समाप्त होंगी। साथ ही कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें सेवा के दौरान तथा सेवानिवृत्ति के बाद भी बेहतर वित्तीय सुरक्षा मिलेगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static