हरियाणा: हजारों किसानों के लिए अच्छी खबर, पराली नहीं जलाने वालों को मिलेगी इतनी राशि

punjabkesari.in Sunday, May 21, 2023 - 12:08 PM (IST)

कैथल: हरियाणा के कैथल जिले में पराली जलाने के बजाय उसका प्रबंधन करने वाले करीब 19 हजार किसानों के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने इनके खातों में करीब 12 करोड़ आठ लाख रुपए जमा किए हैं। योजना के तहत, इससे पहले मार्च में किसानों के बैंक खातों में करीब 4 करोड़ रुपये की पहली किस्त जमा की गई थी। गौरतलब है कि इन किसानों ने विभिन्न मशीनों के जरिए पराली प्रबंधन का काम किया था. कृषि विभाग ने उनके खातों में एक हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से राशि जमा करायी है।

 जानकारी देते हुए कैथल के सहायक कृषि अभियंता जगदीश मलिक ने बताया कि वर्ष 2022- 23 में कैथल में 19 हजार किसानों ने एक लाख 86 हजार एकड़ जमीन के लिए विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके लिए इन सभी किसानों को विभाग द्वारा एक हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता दी जानी थी। इस योजना के तहत, कैथल में करीब पांच हजार किसानों ने पराली प्रबंधन के लिए आवेदन किया था।
 
यानी इन किसानों ने कृषि मशीनरी की मदद से पराली को काटकर खेत की मिट्टी में ही मिला दिया था। वहीं, लगभग 14 हजार किसानों ने पराली के एक्स सीटू प्रबंधन के माध्यम से पुआल बेलर मशीन से पुआल की गांठें बनाई. हरियाणा में इस योजना में जिला कैथल अग्रणी रहा है। कैथल में पराली प्रबंधन से भी आगजनी की घटनाओं में कमी आई है। कैथल की बात करें तो आग लगने की घटनाओं में 50 फीसदी की कमी आई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static