हरियाणा के युवाओं के लिए खुशखबरी! इस जिले में बनेगा हाईटेक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर, मिलेंगे रोजगार के मौके

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 10:37 AM (IST)

हरियाणा डेस्क : हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि अंबाला छावनी के शाहपुर क्षेत्र में ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (आईडीटीआर) और स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र (एटीएस) की स्थापना के लिए 11 एकड़ से अधिक भूमि परिवहन विभाग के नाम पंजीकृत कर दी गई है। 

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए जल्द ही वाहन निर्माता अशोक लेयलंड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। परिवहन मंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह संस्थान युवाओं को वैज्ञानिक और व्यावसायिक ड्राइविंग प्रशिक्षण प्रदान करेगा। इससे अंबाला और आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर मिलेंगे। परियोजना से सैकड़ों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार भी सृजित होने की संभावना है। 

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र में उन्नत तकनीक के माध्यम से वाहनों की फिटनेस जांच की जाएगी। यह केंद्र प्रति सप्ताह लगभग 300 वाहनों का परीक्षण करने में सक्षम होगा। फिटनेस मानकों पर खरा उतरने वाले वाहनों को प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा, जबकि सुरक्षा मानकों को पूरा न करने वाले वाहनों को अनुमति नहीं मिलेगी। अनिल विज ने कहा कि सरकार परिवहन सेवाओं को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र में परिवहन संबंधी सुविधाओं को भी बेहतर बनाएगी। अमित सैनी
वार्ता
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static