कुरुक्षेत्र: PGI से लौट रही सरकारी एंबुलेंस बनी ''आग का गोला'', सिर्फ 3 मिनट में जलकर हुई खाक; बाल-बाल बचे चालक

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 12:28 PM (IST)

कुरुक्षेत्र(रणदीप) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र से मरीज को छोड़कर लौट रही सरकारी BLS (बेसिक लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि सिर्फ 3 मिनट के अंदर पूरी एंबुलेंस जलकर लोहे का ढांचा बन गई। राहत की बात यह रही कि हादसा मरीज को अस्पताल छोड़ने के बाद हुआ।

ड्राइवर कृष्ण कुमार ने बोनट से धुआं उठता देख एंबुलेंस को रोक लिया। ड्राइवर ने नीचे उतरकर बोनट खोला, तो इंजन में पहले से आग लगी हुई थी। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन उससे पहले एंबुलेंस जल चुकी थी। घटना दो दिन पुरानी है। 

PGI मरीज छोड़ने गई थी एंबुलेंस

LNJP अस्पताल में BLS एंबुलेंस पर तैनात ड्राइवर कृष्ण कुमार ने बताया कि अस्पताल में एक मरीज को पेशाब नहीं होने की शिकायत थी। इस पर LNJP अस्पताल डॉक्टरों ने उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। उसने मरीज को अपनी सरकारी BLS एंबुलेंस से PGI चंडीगढ़ तक पहुंचाया।

लौटते वक्त हुआ हादसा 

मरीज को सुरक्षित PGI चंडीगढ़ छोड़ने के बाद कुरुक्षेत्र लौट रहा था। अंबाला के सद्दोपुर गांव के पास पहुंचते ही उसे चलती एंबुलेंस के बोनट से धुआं उठता दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत एंबुलेंस सड़क किनारे रोक दी। जैसे ही बोनट खोला, तो उसमें पहले से आग लगी हुई थी। बोनट खुलते ही आग की तेज लपटें निकलने लगीं। 

PunjabKesari
3 मिनट में जली पूरी एंबुलेंस

देखते ही देखते आग पूरी एंबुलेंस में भड़क गई। उसने आग बुझाने के लिए एंबुलेंस के पीछे रखा फायर एक्सटिंग्विशर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग इतनी फैल चुकी थी कि कुछ भी करना संभव नहीं रहा। सिर्फ तीन मिनट के भीतर पूरी एंबुलेंस जल गई और सिर्फ उसका लोहे का ढांचा ही बचा।

10 मिनट में पहुंची फायर ब्रिगेड

घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। करीब 10 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। इसके बाद लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, लेकिन तब तक एंबुलेंस पूरी तरह जल चुकी थी। हालांकि आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया। 


इंजन में शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका

शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि जांच के बाद ही आग लगने की वजह साफ होगी। इस घटना वाले दिन ही सीएम ने कुरुक्षेत्र अस्पताल को 2 नई एंबुलेंस देने का ऐलान किया था। ड्राइवर ने मामले की जानकारी विभाग को दी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static