कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में लगातार बढ़ रही घटनाएँ चिंताजनक, चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर को तुरंत बदला जाए : डॉ. जसविंदर सिंह खैहरा

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 12:30 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोर) : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में आए दिन सामने आ रहे लड़ाई-झगड़ों और सुरक्षा संबंधी घटनाओं को लेकर युवा जेजेपी प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह खैहरा ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति से मांग की है कि विश्वविद्यालय की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की जाए तथा वर्तमान चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर को तुरंत प्रभाव से बदलकर किसी योग्य, अनुभवी एवं जिम्मेदार अधिकारी की नियुक्ति की जाए।

डॉ. खैहरा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रदेश का एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। ऐसे संस्थान में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। लेकिन जिस प्रकार लगातार विश्वविद्यालय परिसर में लड़ाई-झगड़े और अन्य घटनाएं सामने आ रही हैं, उससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था केवल सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय परिसर में प्रभावी निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। अगर वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो प्रशासन को इसकी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।

डॉ. खैहरा ने कुलपति से मांग करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के मुख्य द्वारों, हॉस्टलों, पार्किंग, कैंटीन, विभागों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए। सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और सुरक्षा कर्मियों की संख्या भी आवश्यकता के अनुसार बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि किसी बड़ी घटना का इंतजार करने के बजाय विश्वविद्यालय प्रशासन को अभी से प्रभावी कदम उठाने चाहिए। वर्तमान चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर को बदलकर सक्षम एवं अनुभवी अधिकारी की नियुक्ति करने से सुरक्षा व्यवस्था में नई जवाबदेही तय होगी और विद्यार्थियों तथा अभिभावकों का विश्वविद्यालय प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत होगा।

डॉ. खैहरा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर है और यहां विद्यार्थियों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध करवाना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कुलपति जी से आग्रह किया कि इस गंभीर विषय पर तुरंत संज्ञान लेते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए और विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु एवं प्रभावी बनाया जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static