हरियाणा में बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए गठबंधन सरकार जिम्मेदार : शैलजा
punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2020 - 09:14 AM (IST)

चंडीगढ़ (बंसल) : हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कु. शैलजा ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए भाजपा-जजपा सरकार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में अंधेर नगरी, चौपट राजा जैसा माहौल है। पलवल जिले में 10 वर्षीय मूक दलित बच्ची की नृशंस हत्या बेहद ही दुखद है। उन्होंने पिछले कुछ दिनों में दलित और पिछड़ा वर्ग पर अत्याचार के मामलों को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल को एक पत्र भी लिखा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। जनता खौफ के साए में जीने को मजबूर है। इंसाफ के लिए लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, लेकिन प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बिल्कुल भी संजीदा नहीं है।
शैलजा ने कहा कि कुछ दिनों पहले रोहतक के चिडी गांव के दलित सरपंच बालकिशन वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पानीपत में पिछड़ा वर्ग के तीन बच्चों की हत्या कर दी गई और जब परिजन न्याय मांगने के लिए सड़कों पर उतरे तो उनकी आवाज लाठियों के जरिए पुलिस ने दबाने की कोशिश की। अभी कुछ दिनों पहले ही फरीदाबाद के गांव साहुपुरा में एक दलित परसराम की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कु. शैलजा ने कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष तरीके से जांच करवाई जाए, दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए और प्रदेश की कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।