सोसाइटियों की सड़क बनाने के लिए पांच गांवों की 10 एकड़ से ज्यादा जमीन होगी अधिग्रहित
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 12:32 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुरुग्राम के पांच सेक्टरों में लाइसेंसी सोसायटियों की सड़कों के लिए आसपास के पांच गांवों की करीब 10 एकड़ से अधिक जमीन अधिग्रहण की जाएगी। बुधवार को हरियाणा सरकार की ओर से सड़कों के लिए अधिग्रहित की जाने वाली जमीन को लेकर गजट नोटिफिकेशन जारी किया है। शहर के सेक्टर-83, 84, 85, 86 व सेक्टर-104 की सोसायटियों में सड़क बनाई जाएगी, जिसके लिए सिही, बढ़ा, नवादा फतेहपुर, नखडोला, धनवापुर व गुरुग्राम की जमीन अधिग्रहण की जाएगी। नोटिफिकेशन में गांवों की अधिग्रहित की जानेवाली जमीन का कुल हिस्सा भी दर्शाया गया है। इस नोटिफिकेशन के साथ ही इस जमीन अधिग्रहण का विरोध भी हो सकता है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
न्यू गुरुग्राम के सेक्टर- 83 की सड़कों के लिए सिही गांव की चार हिस्सों में करीब 1370 वर्ग गज जमीन अधिग्रहित की जानी है। जबकि सेक्टर-84 की सड़क के लिए सिही गांव की ही दो हिस्सों में करीब 5436 वर्ग गज जमीन अधिग्रहित करने के लिए सेक्शन चार का नोटिस जारी किया गया है। इसी तरह सेक्टर-85 की सड़कों के लिए दो पार्ट में 7029.8 वर्ग गज जमीन अधिग्रहित की जाएगी। जबकि सेक्टर-86 की सड़कों के लिए नवादा फतेहपुर की तीन हिस्से में 4800 वर्ग गज व नखड़ोला गांव का एक हिस्सा में करीब 1240 वर्ग गज जमीन अधिग्रहण के लिए नोटिस जारी किया गया है। वहीं सेक्टर-104 की सड़कों के लिए गुरुग्राम की चार हिस्से में करीब 12 हजार वर्ग गज जमीन जबकि धनवापुर गांव की तीन हिस्से में करीब 2800 वर्ग गज जमीन अधिग्रहण के लिए सेक्शन चार के नोटिस जारी किए गए हैं।
इन गांवों की करीब 10.61 एकड़ जमीन की जाएगी अधिग्रहित
शहर के पांच सेक्टरों में सोसाटियों की सड़कों की कनेक्टिविटी के लिए सिही, बढ़ा, नवादा फतेहपुर, नखड़ोला, धनवापुर व गुरुग्राम की कुल 10.61 एकड़ (42939.66 वर्ग गज) जमीन अधिग्रहण की जाएगी। इस जमीन से 24 मीटर चौड़ रोड बनाए जाने की योजना है। इन गांवों के किसानों की जमीन अधिग्रहण के लिए यह नोटिस जारी किए गए हैं, जिससे गांवों के लोगों में कहीं खुशी तो कहीं खलबली मच गई है। इन गांवों की जमीन के रेट 20 करोड़ प्रति एकड़ से अधिक बताए जा रहे हैं।