ऊर्जा मंत्री अनिल विज से मिले शिकायत निवारण के एडवाइजर भोपाल सिंह खदरी, नियुक्ति पर दी शुभकामनाएं
punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 07:09 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा सरकार के शिकायत निवारण (ग्रिवेंस रिड्रेसल) के नव नियुक्त एडवाइजर भोपाल सिंह खदरी ने मंगलवार को हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मंत्री अनिल विज ने खदरी को उनकी नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
बैठक के दौरान प्रदेश में शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनहितकारी बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। अनिल विज ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत बनाना सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भोपाल सिंह खदरी को हरियाणा शिकायत निवारण का एडवाइजर नियुक्त किया है। नियुक्ति के बाद सरकार ने उन्हें चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय की आठवीं मंजिल पर कार्यालय भी आवंटित किया है, जहां से वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ
भोपाल सिंह खदरी प्रशासनिक और संगठनात्मक कार्यों का लंबा अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के चेयरमैन के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। आयोग में रहते हुए उन्होंने विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं के संचालन और प्रशासनिक कार्यों का नेतृत्व किया था।
जन शिकायतों के त्वरित समाधान पर रहेगा फोकस
खदरी की नियुक्ति को राज्य सरकार की जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना और शिकायत निवारण व्यवस्था को अधिक जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाना है।
अनिल विज और भोपाल सिंह खदरी की यह शिष्टाचार भेंट प्रशासनिक समन्वय और बेहतर जनसेवा की दिशा में सकारात्मक पहल के रूप में देखी जा रही है। सरकार को उम्मीद है कि खदरी के प्रशासनिक अनुभव का लाभ शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने में मिलेगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)