ESI में स्टाफ नर्स अब कहलाएंगे ‘नर्सिंग ऑफिसर’, नर्सिंग सिस्टर बनेंगी ‘सीनियर नर्सिंग ऑफिसर’ : अनिल विज

punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 08:04 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा (ई.एस.आई.) विभाग में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ के विभिन्न पदों के पदनाम (Nomenclature) को स्वास्थ्य विभाग की तर्ज पर संशोधित कर दिया गया है। इस संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से ई.एस.आई. विभाग के नर्सिंग स्टाफ को स्वास्थ्य विभाग के अनुरूप एक समान पहचान एवं पदनाम प्राप्त होंगे।

विज ने बताया कि ई.एस.आई. विभाग के नर्सिंग कैडर के पदनामों में बदलाव करते हुए  स्टाफ नर्स का पदनाम नर्सिंग ऑफिसर, नर्सिंग सिस्टर का सीनियर नर्सिंग ऑफिसर, सहायक मैट्रन का सहायक मुख्य नर्सिंग ऑफिसर तथा मैट्रन का पदनाम मुख्य नर्सिंग ऑफिसर कर दिया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह परिवर्तन केवल पदनामों के पुनर्निर्धारण तक सीमित है और इससे राज्य सरकार पर किसी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा। यह कदम स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था के अनुरूप ई.एस.आई. विभाग में भी समानता, प्रशासनिक एकरूपता तथा कार्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में उठाया गया है।

श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि नर्सिंग स्टाफ स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है और उनके पदनामों में यह बदलाव उनकी भूमिका एवं दायित्वों के अनुरूप सम्मानजनक पहचान प्रदान करेगा। इससे विभागीय कार्यप्रणाली में समन्वय बढ़ेगा तथा विभिन्न विभागों के बीच पदों की समानता स्थापित होगी।

विज ने बताया कि जब उन्हें हरियाणा का स्वास्थ्य मंत्री रहने का अवसर मिला था, तब भी उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों के पदनामों में समयानुकूल परिवर्तन कर उन्हें आधुनिक एवं गरिमापूर्ण पहचान दिलाने की पहल की थी। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अब ई.एस.आई. विभाग के नर्सिंग कैडर के पदनाम भी स्वास्थ्य विभाग के अनुरूप/तर्ज पर किए गए हैं, जिससे कर्मचारियों में सकारात्मक संदेश जाएगा और उनकी पेशेवर पहचान को और अधिक मजबूती मिलेगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static