गोलियों की गूंज से दहला इलाका; बहादुरगढ़ में बाइक सवार बदमाशों ने कॉन्ट्रैक्टर को गोलियों से भूना...घटना CCTV में कैद

punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 07:35 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार) : बहादुरगढ़ के आसंडा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब घर के बाहर गाड़ी पार्क कर रहे एक कॉन्ट्रैक्टर पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हमले में 33 वर्षीय मंजेश राठी गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसकी कमर में लगी, जिसके बाद वह जान बचाने के लिए लंगड़ाते हुए मौके से भागा। घायल को तुरंत बहादुरगढ़ नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मंजेश राठी अपने घर के बाहर गाड़ी पार्क कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और पीछे से उस पर फायरिंग कर दी। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बदमाशों ने कुछ ही सेकेंड में मंजेश को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

मंजेश राठी कॉन्ट्रैक्टर का काम करता है, जबकि उसके पिता दयानंद राठी हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल को अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। हमले के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस के आला अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में अब देखना होगा कि पुलिस आखिर आरोपियों तक कैसे पहुंच पाती है और उन्हें सलाखों के पीछे कब तक पहुंचा पाती है।    

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static