गुरुग्राम पुलिस का गैंगस्टर पर वार, 50 करोड़ का प्लॉट कराया खाली
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 03:54 PM (IST)
गुरुग्राम (पवन सेठी) : अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए आज गुडगांव पुलिस ने नाहरपुर और फ़ाज़िलपुर में तोड़फोड़ अभियान चलाया। पुलिस ने जहाँ नाहरपुर में गैंगस्टर कौशल चौधरी द्वारा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की करीब 50 करोड़ ज़मीन को गैंगस्टर कौशल चौधरी के कब्जे से मुक्त कराया, बल्कि फ़ाज़िलपुर में भी नशा तस्कर भजन लाल उर्फ़ गजेपाल की संपत्ति को भी ध्वस्त किया गया।
भारी पुलिस बल रहा मौजूद
इस दौरान सम्बंधित थाना पुलिस से भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस प्रवक्ता की मानें तो गैंगस्टर कौशल चौधरी पर हत्या, हत्या के प्रयास सहित अन्य संगीन अपराधों के करीब 3 दर्ज़न मामले दर्ज़ हैं। वर्त्तमान में वह जेल में बंद है और उसके इशारे पर ही ज़मीन पर कब्ज़ा कर इससे अर्जित धन को आपराधिक गतिविधियों में खर्च किया जा रहा है। इसके अलावा गजेपाल पर भी कई मुकदमे दर्ज़ है जो नशा तस्करी में शामिल है, जिसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद नोडल अधिकारी आर एस बाठ ने बताया कि अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिये मुख्यमंत्री ने सख़्त निर्देश दिए हैl गुडगांव ही नहीं बल्कि इसके साथ पूरे प्रदेश के लोगो को सुरक्षित वातावरण प्रदान कराना है। यही कारण है कि लोकल माफिया और बड़े गैंगस्टर की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए कार्यवाही की जा रही है। आज गैंगस्टर के कब्जे से करीब 1500 गज सरकारी ज़मीन को कब्जामुक्त कराया गया है जिसकी कीमत करीब 50 करोड़ रूपए आंकी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी और जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए अपराधियों के खिलाफ यह कार्यवाही जारी रहेगी।