मरीजों की सुरक्षा से समझौता नहीं: सरकारी अस्पतालों में हाथ से लिखी लैब रिपोर्ट पर पाबंदी, टाइप या प्रिंटेड रिपोर्ट देना अनिवार्य
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 11:55 AM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में अब नियमित प्रक्रिया के तहत हाथ से लिखी लैब रिपोर्ट जारी नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों व प्रयोगशालाओं को टाइप या प्रिंट रिपोर्ट जारी करने के निर्देश दिए हैं। कुछ जिलों में हस्तलिखित रिपोर्ट जारी किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद विभाग ने यह कदम उठाया है।
यह मामला मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी उठा था। स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक (डीजीएचएस) की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि हाथ से लिखी रिपोर्ट में गलती होने की आशंका रहती है। इससे जांच के नतीजों की गलत व्याख्या हो सकती है और मरीज की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। सभी सिविल सर्जनों को अपने जिलों में आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सा अधिकारियों, लैब टेक्नीशियन और रिपोर्ट तैयार करने से जुड़े कर्मचारियों को भी इसकी जानकारी देने को कहा गया है।
आपात स्थिति में ही हस्तलिखित रिपोर्ट जारी होगी
तकनीकी या सिस्टम में खराबी, आपात स्थिति अथवा किसी अन्य बाध्यकारी परिस्थिति में ही हस्तलिखित रिपोर्ट जारी की जा सकेगी। ऐसी स्थिति में रिपोर्ट जारी करने या हस्ताक्षर करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को लिखित वचन देना होगा कि रिपोर्ट में दर्ज परिणामों की सटीकता की जिम्मेदारी उसकी होगी। छूट को नियमित प्रक्रिया नहीं बनाया जा सकता।