Haryana : इस साल नशा तस्करी के मामलों में 81% उछाल, डेढ़ माह में दर्ज हुए 29 केस, पुलिस के सामने चुनौती

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 03:11 PM (IST)

हरियाणा डेस्क : हिसार जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के बावजूद मामलों में चिंताजनक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में 15 फरवरी तक नशा तस्करी के 16 मामले दर्ज हुए थे, जबकि इस वर्ष इसी अवधि में यह संख्या बढ़कर 29 तक पहुंच गई है। आंकड़ों के अनुसार यह लगभग 81 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिले में नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाले गिरोह सक्रिय हैं और ड्रग पैडलर खुलेआम सप्लाई में जुटे हुए हैं। पहले पीरांवाली और आंबेडकर बस्ती को नशा बिक्री के प्रमुख केंद्र माना जाता था, लेकिन प्रशासनिक सख्ती के बाद तस्करों ने अपने ठिकाने बदल लिए हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि कई आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोग इस अवैध धंधे से जुड़ रहे हैं। जेल से जमानत पर छूटे या सजा पूरी कर बाहर आए कुछ आरोपी कम समय में अधिक मुनाफा कमाने के लालच में नशा तस्करी की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे कई आरोपियों पर पहले से दर्जनों मामले दर्ज हैं।

एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज इंद्र सिंह ने बताया कि केवल छोटे ड्रग पैडलरों को पकड़ने से समस्या का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसके पीछे सक्रिय माफिया तक पहुंचने की है। इसके लिए लगातार छापेमारी और गहन पूछताछ की जा रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static