Haryana : घर खरीदने का सुनहरा मौका, हाउसिंग बोर्ड इन 26 शहरों में करेगा फ्लैट की नीलामी, देखें पूरा शेड्यूल...

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 03:19 PM (IST)

चंडीगढ़ : हरियाणा में अपने घर का सपना देख रहे लोगों के लिए हाउसिंग बोर्ड ने बड़ी योजना तैयार की है। हाउसिंग बोर्ड हरियाणा द्वारा वर्ष 2026 में प्रदेश के 26 शहरों में फ्लैट और आवासीय संपत्तियों की ई-नीलामी की जाएगी। इसके लिए बोर्ड ने ऑनलाइन नीलामी का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है।

हाउसिंग बोर्ड के मुख्य प्रशासक की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार फरवरी, मार्च और अप्रैल माह में दो-दो बार ई-नीलामी आयोजित की जाएगी। इससे पहले अगस्त 2025 में 21 शहरों में करीब 950 आवासीय संपत्तियों की ई-नीलामी की गई थी, लेकिन उस दौरान बड़ी संख्या में फ्लैट बिक नहीं पाए थे। इसी को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने अब नए सिरे से विस्तृत शेड्यूल तैयार किया है।

इन शहरों में होगी ई-नीलामी

पहले चरण में अंबाला, यमुनानगर, अलीपुर, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोहना, रेवाड़ी और घास्हेड़ा में 18 फरवरी, 9 मार्च और 1 अप्रैल को ई-नीलामी होगी। वहीं दूसरे समूह में फतेहाबाद, रोहतक, हिसार, झज्जर, रतिया, सिरसा, टोहाना, घरौंडा, कैथल, करनाल, नरवाना और पानीपत में 25 फरवरी, 17 मार्च और 15 अप्रैल को ई-नीलामी आयोजित की जाएगी। ई-नीलामी में भाग लेने के इच्छुक आवेदकों को बयाना राशि (ईएमडी) नीलामी से एक दिन पहले शाम पांच बजे तक जमा करानी होगी।

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार हाउसिंग बोर्ड हरियाणा का विलय हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) में करने का निर्णय पहले ही ले चुकी है। ऐसे में बोर्ड अपनी शेष आवासीय संपत्तियों की बिक्री प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हाउसिंग बोर्ड की ओर से सभी संबंधित जिलों के संपदा कार्यालयों को फ्लैटों और संपत्तियों का विस्तृत विवरण भेज दिया गया है। इच्छुक लोग ई-नीलामी में भाग लेने से पहले अपने जिले के संपदा कार्यालय से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static