ED Raid in Haryana: सरकारी खातों के 645 करोड़ की हेराफेरी मामले में बड़ी कार्रवाई, मोहाली और पंचकूला में 14 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 09:03 AM (IST)

चंडीगढ़: हरियाणा में 645 करोड़ रुपये के कथित बैंक घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को ED की चंडीगढ़ जोनल ऑफिस की टीम ने चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में एक साथ कुल 14 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। यह कार्रवाई हरियाणा सरकार, चंडीगढ़ नगर निगम और अन्य सरकारी विभागों के खातों में हुई करोड़ों रुपये की हेराफेरी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले के तहत की गई है।

इससे पहले, ED ने रमीकल्चर ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए 442.35 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति अटैच की थी। ED ने यह पूरी जांच हरियाणा पुलिस द्वारा फरवरी 2026 में दर्ज की गई FIR के आधार पर शुरू की है। इस FIR में हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और यू स्मॉल फाइनेंस बैंक में रखे गए सरकारी खातों के बैलेंस में बड़ी गड़बड़ी सामने आने का जिक्र किया गया था।

जांच एजेंसी की यह छापेमारी कई प्रमुख ज्वेलर्स और उनसे जुड़ी कंपनियों पर केंद्रित रही। इनमें मलिक ज्वेलर्स, शाम ज्वेलर्स और सुंदर ज्वेलर्स सहित अन्य ठिकाने शामिल हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, गौरव कंसल ने कथित तौर पर सरकारी रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और उसकी लेयरिंग में बिचौलिए की मुख्य भूमिका निभाई थी।

ED का आरोप है कि हड़पी गई सरकारी रकम को ज्वेलर्स के बैंक खातों में भेजकर सामान्य कारोबारी लेन-देन के रूप में दिखाने की कोशिश की गई, ताकि पैसे के असली स्रोत को छिपाकर उसे वैध पैसा बनाया जा सके। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static