Haryana Budget : CM बोले- शहीद सैनिकों के परिवार को मिलेंगे 1 करोड़, किसानों के कर्ज पर ब्याज-पेनल्टी माफ
punjabkesari.in Friday, Feb 23, 2024 - 01:26 PM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर वित्त मंत्री बजट पेश कर रहे हैं। बजट 1 लाख 89 हजार करोड़ रुपए होगा। यह पिछले बजट से 11 प्रतिशत अधिक है। इस साल कोई नया टैक्स नहीं है।
शहीद के परिवार को मिलेंगे एक करोड़
सीएम ने घोषणा करते हुए कहा कि युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों के लिए दी जा रही 50 लाख रुपए की अनुग्रह राशि को बढ़ाकर 1 करोड़ रुपए किया जाएगा। शहीद सैनिक चाहे वे किसी भी रक्षा सेवा या केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के हों। सशस्त्र बलों में और अधिक अधिकारियों और जवानों की भागीदारी बढ़ाने के लिए हरियाणा के निवासियों को रक्षा और अर्धसैनिक सेवाओं में सेवा के लिए तैयार करने के लिए राज्य में 3 सशस्त्र बल तैयारी संस्थान (AFPI) स्थापित किए जाएंगे।
5.47 लाख किसानों के कर्ज का ब्याज और पेनल्टी माफ
मुख्यमंत्री ने हरियाणा के 5 लाख 47 हजार डिफॉल्टर किसानों के कर्ज का ब्याज और पेनल्टी माफी की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जो किसान 30 सितंबर 2023 तक का कर्ज 31 मई 2024 तक जमा कराते हैं, उनका ब्याज और पेनल्टी माफ होगी। मैं किसान हूं, किसान का बेटा हूं, किसान के दर्द को समझता हूं। मैंने खुद हल चलाया है, खेती की है।

शहरी विकास के लिए ये घोषणाएं
- नियमित की गई कॉलोनियों में विकास कार्यों के लिए वर्ष 2024-25 में हरियाणा शहरी विकास निधि से 1000 करोड़ रुपए की राशि निर्धारित की गई है।
- पीएम-स्वामित्व योजना की तर्ज पर, नगर पालिकाओं में शामिल किए गए गांवों की आबादी देह में संपत्तियों के मालिकों को संपत्ति प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए शहरी-स्वामित्व योजना शुरू की जाएगी। इससे संपत्तियों के मालिक पीएम-स्वामित्व के तहत ग्राम पंचायतों के आबादी वाले क्षेत्रों में संपत्तियों के मालिकों को मिलने वाले लाभ के समान लाभ प्राप्त कर सकेंगे। शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा अगले 15 दिनों में नीति अधिसूचित कर दी जाएगी।
- शहरी क्षेत्रों में विकास प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए सरकार दिव्य नगर योजना के तहत राज्य के सभी बड़े शहरों में 500 से 1000 व्यक्तियों की क्षमता वाले सभागारों का निर्माण करेगी। गुरुग्राम और फरीदाबाद में दो-दो और अन्य सभी 9 नगर निगमों तथा 12 नगर परिषदों के जिला मुख्यालयों पर एक-एक सभागार बनाए जाएंगे।
इस साल कोई नया टैक्स नहीं-सीएम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बजट पेश करते हुए कहा कि विकसित भारत की यात्रा में विकसित हरियाणा अहम भूमिका निभाएगा। मेरे लिए लगातार 5वीं बार बजट पेश करना गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण को लेकर प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी के साथ बढ़ती अर्थव्यवस्था है। हमने कोविड का भी सामना किया। अगले दो दशक अमृत काल के हैं, जिसमें भारत दुनिया का अग्रणी विकसित देश बनेगा और विश्व गुरु बनेगा। इस वर्ष कोई नया टैक्स नहीं है।
दिव्यांग बच्चों के लिए 7 स्कूलों की प्रक्रिया शुरू- सीएम
सीएम ने बताया कि दिव्यांग बच्चों के लिए सरकार द्वारा संचालित 7 स्कूलों के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है। अंबाला में बौद्धिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों के लिए एक आजीवन देखभाल गृह भी निर्माणाधीन है। दयालु योजना के तहत वित्त वर्ष 2023-24 में अब तक 8,087 लाभार्थी परिवारों को 310 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।

हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना की घोषणा करते हुए सीएम ने बताया कि इसके तहत गरीब परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में सालाना 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा का लाभ दिया जा रहा है। मुफ्त यात्रा का लाभ 1 लाख रुपए तक की वार्षिक आय वाले 22.89 लाख परिवारों को मिलेगा, जिनमें लगभग 84 लाख लोग शामिल,योजना पर लगभग 600 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है।
बता दें कि साल 2020-21 का बजट 1,42,343 करोड़ रुपए का था। साल 2021-22 का बजट बढ़कर 1,55,645 करोड़ रुपए का हो गया। साल 2022-23 का बजट बढ़ाकर 1,77,255.99 करोड़ रुपए का किया गया। साल 2023-24 में मनोहर लाल सरकार ने 1,83,950 करोड़ का बजट पेश किया। अब देखना यह है कि इस बार मुख्यमंत्री मनोहर लाल किस तरह का बजट पेश करते हैं।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)