हरियाणा दिवस पर इस शहर को बड़ी सौगात, अब मिला नगर परिषद का दर्ज़ा, नोटिफिकेशन जारी
punjabkesari.in Saturday, Nov 01, 2025 - 08:55 PM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हिसार जिले की जनता को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने बरवाला नगर पालिका का दर्जा बढ़ाकर नगर परिषद में बदल दिया है। इस संबंध में शहरी स्थानीय निकाय विभाग (ULB) के आयुक्त एवं सचिव विकास गुप्ता ने आधिकारिक गजट अधिसूचना जारी की है। इसके साथ ही बरवाला अब प्रदेश की 25वीं नगर परिषद बन गई है।
जानकारी के अनुसार, तीन माह पहले 12 अगस्त 2025 को समालखा नगरपालिका को भी नगर परिषद में अपग्रेड किया गया था, जिससे वह हरियाणा की 24वीं नगर परिषद बनी थी। बरवाला का दर्जा बढ़ाए जाने से स्थानीय निवासियों को अब बेहतर शहरी सुविधाएं, योजनाओं के अधिक फंड और प्रशासनिक सुधारों का लाभ मिलेगा।
हरियाणा में किसी नगरपालिका को नगर परिषद में बदलने के लिए जनसंख्या और शहरी विकास स्तर मुख्य मानदंड होते हैं। आमतौर पर, जिन क्षेत्रों की आबादी एक लाख से पांच लाख के बीच होती है और जहां शहरीकरण तेजी से विकसित हो रहा है, उन्हें नगर परिषद का दर्जा प्रदान किया जाता है। बरवाला इन सभी मानकों पर खरा उतरता है, जिसके चलते इसे यह नया दर्जा दिया गया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)