Haryana :12 हजार अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण की मांग तेज, राजेश खुल्लर से फिर मिले शिक्षक; 20-21 साल की सेवा का दिया हवाला
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 08:28 AM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा के सरकारी स्कूलों में करीब 20-21 वर्षों से सेवाएं दे रहे करीब 12 हजार अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण की मांग को लेकर शिक्षकों ने सरकार पर निर्णय लेने का दबाव बढ़ा दिया है। अतिथि शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर से दूसरी बार मुलाकात कर नियमितीकरण की मांग रखी। इस दौरान शिक्षकों ने खुल्लर को उनकी आठवीं कक्षा के शिक्षक रहे सुदर्शन जी का हवाला देते हुए कहा कि लंबे समय से सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों को नियमित करना उनके लिए वास्तविक गुरु दक्षिणा होगी।
अतिथि शिक्षकों का कहना है कि वे पिछले दो दशक से अधिक समय से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। उनकी मुख्य मांग सेवा को नियमित करने की है। प्रतिनिधिमंडल ने हाई कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए सरकार से करीब 12 हजार अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण की दिशा में ठोस कार्रवाई करने की मांग की। राजेश खुल्लर ने इस संबंध में शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव से रिपोर्ट मांगी है, ताकि उसे सीएम के समक्ष रखा जा सके।
अतिथि शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से भी मुलाकात कर चुका है। 31 अगस्त को विधानसभा सत्र के बाद मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और प्रधान सचिव अरुण गुप्ता भी मौजूद रहे। बैठक में लंबे समय से सेवाएं दे रहे अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया था। बैठक के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर पर भी मामले में कार्रवाई आगे बढ़ी। प्रधान सचिव अरुण गुप्ता ने नियमितीकरण से जुड़े मामले को मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल यादव को भेजते हुए संबंधित न्यायालयीन आदेशों और नियमितीकरण की प्रक्रिया का परीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने तथा मुख्यमंत्री को अवगत कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद राजेश खुल्लर ने अतिथि अध्यापकों की ओर से दिए गए आवेदन पर स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। पत्र पर उनकी हस्तलिखित टिप्पणी में “एसीएस (स्कूल शिक्षा) प्रक्रिया में तेजी लाएं” लिखा है। इससे पहले 26 अगस्त को दिए गए आवेदन पर भी खुल्लर ने मामला प्रधान सचिव को कार्रवाई के लिए भेजा था। अतिथि अध्यापकों के मीडिया प्रभारी डा. अजय लोहान ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर मामले के आगे बढ़ने से शिक्षकों की उम्मीद बढ़ी है। अब उनकी मांग है कि करीब 12 हजार अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को अंतिम और ठोस निर्णय तक पहुंचाया जाए।