अभेद किला बना Haryana का ये जिला, इंटरस्टेट सीमाओं पर नाकेबंदी... जानिए क्या है वजह

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 08:37 PM (IST)

रेवाड़ी(महेंद्र भारती) : नगर परिषद रेवाड़ी और धारूहेड़ा नगर पालिका के 10 मई को होने वाले चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

खासतौर पर शहर के अंदर और इंटरस्टेट सीमाओं पर पुलिस की सख्त निगरानी देखने को मिल रही है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा के निर्देश पर शहर थाना क्षेत्र समेत सभी प्रमुख नाकों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों की भी बारीकी से जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके। शहर थाना प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और हर स्थिति से निपटने के लिए रणनीति तैयार कर ली गई है।

उन्होंने कहा कि चुनाव को प्रभावित करने वाली शराब, नकदी और अन्य प्रतिबंधित सामान की विशेष रूप से तलाशी ली जा रही है। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के चालान किए जा रहे हैं और बिना नंबर प्लेट के वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे तुरंत नियमों का पालन करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच लगातार जारी रहेगी और चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static